दुर्ग
दुर्ग, 29 दिसंबर। पुरानी रंजिश को लेकर 3 आरोपियों ने प्रार्थी के साथ जमकर मारपीट की। इससे प्रार्थी को चोटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक प्रार्थी जय कुमार देशमुख निवासी हत्यारा तालाब के पास बजरंग नगर कंडरा पारा सुनील कैटरर्स में कार्य करता है। 25 दिसंबर को वह दुकान सामान लेने गया हुआ था। इसी दौरान रात्रि लगभग 10.30 बजे जब वह सामान लेकर वापस लौट रहा था, भारत ट्रेडर्स के सामने नदी रोड के पास मोहल्ले का ही रहने वाला आरोपी गुड्डू वर्मा और उसके साथी धरम वर्मा, पप्पू वर्मा खड़े हुए थे। प्रार्थी को देखकर गुड्डू वर्मा ने जय कुमार देशमुख को अपने पास बुलाया और पुरानी दुश्मनी की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो गुड्डू वर्मा ने हाथ में रखे धारदार हथियार से प्रार्थी पर वार किया और कहा कि वह आज उसे जान से खत्म कर देगा। उसके साथियों ने भी हाथ मुक्के से प्रार्थी से मारपीट की। इससे प्रार्थी के हाथ, उंगली, सिर, पैर में चोट आई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।