दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 दिसंबर। हेमचंद यादव विवि दुर्ग की सत्र 2022-23 की सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान विवि की कुलपति, डॉ. पल्टा एवं विवि के अधिकारियों द्वारा आकस्मिक निरीक्षण के चौथें दिन पांच महाविद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
शासकीय इंदिरा गांधी महाविद्यालय, वैशाली नगर भिलाई में दो परीक्षार्थी मोबाईल में विषय से संबंधित सामग्री के साथ पकड़ाये। विवि के अधिकारियों ने महाविद्यालय के परीक्षा अधीक्षक को इन दोनों परीक्षार्थियों के विरूद्ध नकल प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। इस दौरान विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा, सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी तथा वरिष्ठ क्रीडा अधिकारी, डॉ. नरेश दीवान उपस्थित थे। कुलपति एवं टीम के पहुंचने के दौरान वैशाली नगर महाविद्यालय की प्राचार्य की अनुपस्थिति पर कुलपति ने कड़ी नाराजगी व्यक्त कीं। उन्होंने महाविद्यालय के मुख्य लिपिक को दूरभाष पर संपर्क कर प्राचार्य को बुलाने हेतु निर्देशित किया। इसके तत्काल पश्चात प्राचार्या महाविद्यालय पहुंच गई तथा उन्होंने कुलपति को अपने अस्वस्थ्य होने संबंधी जानकारी दीं। परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने यह जानकारी दीं।
इसके पश्चात टीम सांई महाविद्यालय, सेक्टर 6 पहुंची जहां 14 कमरों में परीक्षा सुचारू रूप से संचालित मिली। इस दौरान सांई कॉलेज, भिलाई के डायरेक्टर हरमीत सचदेव, उपनिदेशक, डॉ. ममता सिंह तथा प्राचार्य, डॉ. देशबंधु तिवारी भी उपस्थित थे।
कुलपति, डॉ. पल्टा ने विभिन्न महाविद्यालयों में परीक्षा के सुचारू संचालन का आकस्मिक निरीक्षण करने हेतु विवि के अधिकारियों की पृथक-पृथक टीम बनायी हैं। दूसरी टीम में शामिल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, उपकुलसचिव परीक्षा डॉ. राजमणि पटेल, सहायक कुलसचिव दिग्विजय कुमार ने दुर्ग के तीन महाविद्यालयों, अपोलो कॉलेज, अंजोरा, घनष्याम आर्य कन्या महाविद्यालय, देव संस्कृति कॉलेज ऑफ एजुकेशन खपरी दुर्ग का परीक्षाओं के दौरान आकस्मिक निरीक्षण किया। इन तीनों महाविद्यालयों में परीक्षा संचालन नियमानुसार किया जा रहा था। डॉ. पटेल ने बताया कि अगामी दो-तीन दिनों में सेमेस्टर परीक्षाओं की समाप्ति तक कुलपति एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा लगातार आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेगा।