दुर्ग

दहेज प्रताडऩा: महिला को घर से निकाला, जुर्म दर्ज
29-Dec-2022 2:32 PM
दहेज प्रताडऩा: महिला को घर से निकाला, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,29 दिसंबर।
महिला थाना पुलिस ने महिला को कम दहेज लाए जाने की बात को लेकर लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने वाले पति एवं ससुर के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, उमरपोटी उतई निवासी पीडि़ता का विवाह 28 अप्रैल 2017 को सामाजिक रीति रिवाज के साथ टोमन लाल निर्मलकर पिता तुलाराम निर्मलकर निवासी ग्राम देवादा पाटन के साथ हुआ था। शादी के अवसर पर पीडि़ता के माता-पिता ने अपने हैसियत के अनुसार घरेलू आवश्यक सामान, जेवरात, बाइक आदि उपहार स्वरूप दिए थे। ससुराल में 5 माह तक सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद से ससुर एवं पति आए दिन घर में छोटी-छोटी बात को लेकर पीडि़ता को सताने लगे और कहने लगे कि उसने दहेज में बहुत कम सामान लाई है। मायके वालों ने जो सामान दिया वह भी घटिया स्तर के हैं। इसके बाद पति ने पीडि़ता के सभी जेवर को गिरवी रख दिया।

शादी के अवसर पर पीडि़ता को बताया गया था कि उसका पति प्राइवेट कार्य करता है परंतु जब वह ससुराल पहुंची तो देखा उसका पति कोई काम नहीं करता था। घर में राशन की भी व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद पति एवं उसका ससुर हमेशा पीडि़ता से मायके से पैसे मंगवाने के लिए दबाव देते रहे। जब पीडि़ता मायके से खर्च के लिए रकम नहीं लाई तो पीडि़ता एवं उसके माता-पिता को लगातार अपशब्द कहते रहते थे।

जब पीडि़ता इसके लिए मना करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसके बाद पीडि़ता के ससुर ने कहा कि वह अपने बेटे का तलाक कराकर दूसरा विवाह करवाएगा। यह कहकर उसने पीडि़ता की 4 साल की मासूम बच्ची के साथ पीडि़ता को ससुराल से निकाल दिया। 19 मार्च 2022 से पीडि़त अपने माता-पिता के पास आकर रह रही थी।


अन्य पोस्ट