दुर्ग

अब आधी धरोहर राशि पर रिटायर्ड कर्मियों को मिल सकेगा बीएसपी आवास
28-Dec-2022 4:44 PM
अब आधी धरोहर राशि पर रिटायर्ड कर्मियों  को मिल सकेगा बीएसपी आवास

सांसद विजय बघेल के प्रयास से मैनेजमेंट ने बदला नियम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता 
भिलाई नगर, 28 दिसंबर।
दुर्ग सांसद विजय बघेल के प्रयास से बीएसपी रिटायर्ड कर्मियों को अब ढाई लाख की धरोहर राशि जमा करने पर 200 वर्गफुट तक का आवास आबंटित किया जाएगा। यह सुविधा दिसंबर से सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मियों को मिल सकेगी। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पूर्व रिटायर्ड कर्मियों को बीएसपी में 5 लाख रुपए सिक्योरिटी जमा करनी होती थी, जिसे अब मात्र 2 लाख 50 हजार रुपए कर दिया गया है। 

नियमानुसार बीएसपी से रिटायर होने वाले कर्मियों को 400 और 200 वर्गफुट का मकान लाइसेंस पद्धति में लेने की सुविधा दी जाती रही है, इसके लिए बीएसपी कर्मी को 5 लाख रुपए बीएसपी प्रबंधन के पास धरोहर स्वरूप जमा करना होता है। बड़ा हो या छोटा दोनों मकान को लेने के लिए एक ही लाइसेंस फीस तय करने से बीएसपी कर्मियों को परेशानी हो रही थी। 

इसे देखते हुए संयंत्र कर्मियों बीएसपी प्रबंधन से छोटे मकानों की लाइसेंस कम करवाने की मांग सांसद विजय बघेल से करते हुए उनका ध्यानाकर्षण करवाया था। सांसद ने बीएसपी कर्मियों की मांग को जायज बताया और बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की।

 बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन 200 वर्ग फीट के मकान के लिए लाइसेंस फीस घटाकर आधी कर दी है। अब छोटे मकान आबंटित कराने के लिए बीएसपी कर्मी को मात्र ढाई लाख रुपए ही धरोहर के रूप जमा करना होगा। 

सांसद विजय बघेल के दबाव के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रभारी निदेशक दासगुप्ता व अन्य अधिकारियों ने छोटे मकानों के लिए कम राशि धरोहर राशि के रूप में लेने पर सहमति दी है। 

बीएसपी से हरी झंडी मिलने के बाद इस सुविधा का लाभ दिसंबर माह से रिटायर होने वाले कर्मियों को मिलने लगेगा।


अन्य पोस्ट