दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। बाइक चोरी के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आंगनबाड़ी खंडहर और खलिहान में चोरी की 8 बाइकें छिपा रखी थीं।
ज्ञात हो कि दुर्ग जिले में लगातार मोटर सायकल चोरी की घटना प्रकाश में आ रही थी, एसपी अभिषेक पल्लव ने सीएसपी वैभव बैंकर रमणलाल को निर्देश दे चौकी पद्मनाभपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर पतासाजी करने कहा। इसी क्रम में टीम ने बिना नंबर की मोटर सायकल चलाते बोरसी भांठा निवासी धनेश यादव को पकड़ा।
गाड़ी का कागजात दिखाने बोला गया तो वह गोलमोल जवाब दे रहा था जिसे गाड़ी सहित चौकी पद्मनाभपुर लाकर पूछताछ की गई। निरंतर एवं सतत पूछताछ में आरोपी ने मोटर सायकल को चोरी करना स्वीकार कर लिया।
चोरी किये गये वाहनों के संबंध में पूछताछ करने पर अपने द्वारा चोरी किये गये वाहनों को आंगनबाड़ी खण्डहर बोरसी भांटा में छिपाकर रखना बताया। धनेश यादव से चार मोटर सायकल बरामद की गई और कुछ गाडिय़ों को रिसाली निवासी अभिमन यादव के पास बेचना बताया। तत्काल टीम को रिसाली भेजकर अवधपुरी आशीष नगर रिसाली से गिरफ्तार किया गया। अभिमन यादव से खरीदी गई गाडिय़ों के बारे में पूछताछ करने पर धनोरा शराब भट्टी के पीछे खलिहान में रखना बताया। अभिमन यादव से भी कुल 4 और मोटर सायकल बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही चौकी पद्मनाभपुर से की जा रही है। शेष गाडिय़ों की पता तलाश जारी है।