दुर्ग
अहमदाबाद पहुंची छग टीम, पहला मैच महाराष्ट्र के साथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 दिसंबर। गुजरात हैंडबॉल संघ व भारतीय हैंडबॉल महासंघ द्वारा अहमदाबाद में आयोजित 51वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता 24 से 29 दिसम्बर तक जारी है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की एनएमडीसी सीनियर पुरुष वर्ग की 20 सदस्यीय टीम भी भाग ले रही है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के पूर्व खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु छत्तीसगढ़ राज्य की एनएमडीसी सीनियर पुरुष हैंडबॉल टीम का 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर हैंडबॉल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-4 भिलाई में 16 से 22 दिसम्बर तक सम्पन्न हुआ, जिसमें भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को छत्तीसगढ़ हैंडबॉल संघ के प्रशिक्षक कुणाल, विजय बहादुर एवं राजेश सरकार द्वारा प्रतिदिन प्रात: 6.30 से 8.30 बजे तक तथा संध्याकालीन 4.30 से 6.30 बजे तक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर का समापन 22 दिसंबर को प्रात: 9 बजे छत्तीसगढ़ हैंडबाल संघ के महासचिव समीर खान द्वारा किया गया।
चैम्पियनशिप में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक प्राप्त करने हेतु छत्तीसगढ़ हैंडबाल संघ के चेयरमेन विनोद चंद्राकर, अध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण सिंघानिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिमन्यू मिश्रा, छत्तीसगढ़ हैंडबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ राज्य की सीनियर हैंडबॉल के खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों एवं अधिकारियों में आनंद एन एस, मो. आदिल अंसारी, दुर्गा मांझी, तलपड़ा आर आर, मो आमिर हुसैन, बासा महेश, मो. निहाल (सभी सीआईएसएफ भिलाई), एम गौतम, भूपेन्दर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, अंगद कुमार भारद्वाज, तौफिक व्ही एम, तुषार वासनिक (सभी जिला दुर्ग), आरव सिंह, मनीष चंद्राकर, क्यूनेन अहमद (सभी महासमुन्द जिला), यशस्वी शर्मा (बिलासपुर जिला), रमेश कुमार जाटू (कोरबा जिला), टीम के प्रशिक्षक कुणाल (सीआईएसएफ भिलाई), टीम के प्रबंधक विजय बहादुर (बीएसपी, भिलाई) शामिल हैं।
सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हैंडबॉल चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ राज्य को ग्रुप-डी में महाराष्ट्र, चंडीगढ़, दमन एवं द्वीप के साथ रखा गया है। डी ग्रुप में छत्तीसगढ़ टीम का पहला मुकाबला आज महाराष्ट्र से होगा।