दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 दिसंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में राष्ट्रीय किसान दिवस कार्यक्रम समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर ने कहा कि किसान हमारे देश की शान हैं। किसानों के ऊपर पूरे देश के लोगों का पेट भरने की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर डॉ. ए.के. दुबे, डीन एग्रीकल्चर ने कहा कि वर्तमान समय में परंपरागत तरीके के बजाए वैज्ञानिक तरीके से की गई खेती से किसानों को ज्यादा लाभ हो रहा है। उन्होंने किसानों से जुड़ी समस्याओं का भी जिक्र किया। इस अवसर पर प्रो. के.सी. दलाई, डीन विधि संकाय ने कहा कि बंजर भूमि को उर्वरा बनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र स्वर्णकार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
यह कार्यक्रम अंग्रेजी विभाग एवं कृषि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की समन्वयक अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राजश्री नायडू थी। डॉ. नायडू ने कहा कि छत्तीसगढ़ न केवल धान का कटोरा रहा है बल्कि जैविक खेती, उन्नत खेती व फूलों की खेती में भी अब विकास की ओर उन्मुख है। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक गायत्री गौतम ने किया।
बी.एससी प्रथम एवं चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी अशफाक, प्रांजल, रितिका और शिवानी ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने हाइड्रोलिक प्लांटेशन,मशरूम कल्टीवेशन, जल शुद्धिकरण, वॉल प्लांटेशन आदि से संबंधित मॉडल बनाकर प्रस्तुत किया जिसका संस्था के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर ने बारीकी से निरीक्षण किया तथा बच्चों से मॉडल संबंधित अनगिनत सवाल किए जिसका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया।