दुर्ग

वेस्ट मटेरियल सडक़ पर बिखेरकर सडक़ बाधा करने वालों पर निगम की कार्रवाई
24-Dec-2022 8:11 PM
वेस्ट मटेरियल सडक़ पर बिखेरकर सडक़ बाधा करने वालों पर निगम की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 24 दिसंबर। निर्माण एवं विध्वंस के वेस्ट मटेरियल सडक़ पर बिखेरकर सडक़ बाधा करने वालों पर निगम ने की कार्रवाई, समझाइश देने के बाद भी नहीं मानने वालों से वसूला 24500 रुपए जुर्माना।

नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत सडक़ पर बिल्डिंग मटेरियल रखकर सडक़ बाधा करने तथा निर्माण एवं विध्वंस के मटेरियल को सडक़ पर रखकर सडक़ बाधा करने वालों पर शुक्रवार को भिलाई निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। इसके लिए आज खुर्सीपार क्षेत्र के बालाजी नगर, लक्ष्मीनारायण नगर, शास्त्री नगर एवं छावनी राजीव नगर का सघन निरीक्षण स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने किया। निरीक्षण के दौरान कुछ बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर द्वारा सडक़ों पर रेत, गिट्टी, ईट आदि रखकर सडक़ बाधा कर इसका व्यवसाय किया जा रहा था। इसके साथ ही निर्माण एवं विध्वंस के मटेरियल को सडक़ों पर रखकर सडक़ बाधा करते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा था। इन सभी से बिल्डिंग मैटेरियल को हटवाकर तथा निर्माण एवं विध्वंस के मटेरियल को हटवाकर जुर्माना वसूल किया गया।

पहले सर्वे के दौरान इन सभी को बिल्डिंग मटेरियल हटाने तथा निर्माण एवं विध्वंस के वेस्ट को हटाने की चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बाद भी निर्माण सामग्री नहीं हटाने पर  8 लोगों पर 24500 जुर्माना लगाया गया और दोबारा सडक़ बाधा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।

उल्लेखनीय है कि निगम आयुक्त रोहित व्यास ने सडक़ बाधा कर सडक़ों पर बिल्डिंग मटेरियल रखने तथा निर्माण एवं विध्वंस के वेस्ट को सडक़ों पर रखने वालों पर चेतावनी के साथ ही कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसी तारतम्य में भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। इनके भवन निर्माण से संबंधित दस्तावेजों के भी परीक्षण किए जाएंगे। भवन निर्माण से संबंधित अनुज्ञा एवं अनुमति की भी जांच की जाएगी। खुर्सीपार के जोन स्वास्थ्य अधिकारी महेश पांडे ने  अपने सुपरवाइजर की टीम के साथ क्षेत्र के कई वार्ड व मोहल्ला का सघन निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था बरकरार रखने के लिए सी & डी वेस्ट तथा सडक़ों पर बिल्डिंग मटेरियल रखने वालों पर कार्रवाई की।


अन्य पोस्ट