दुर्ग

आयोजन समिति ने अपनी गलती मान खेलने बुलाया तो महिलाओं ने कहा-पहले क्यों नहीं माने?
23-Dec-2022 7:27 PM
आयोजन समिति ने अपनी गलती मान खेलने बुलाया तो महिलाओं ने कहा-पहले क्यों नहीं माने?

निगम महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्राउंड पर हंगामा, काफी देर रुका रहा मैच
सेक्टर-8 वार्ड की टीम को डिसक्वालीफाई करने से नाराज हुई टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 दिसंबर।
आज काफी देर बाद सेक्टर-2 क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में हुए हंगामे के बाद जब आयोजन समिति ने अपनी गलती मानी और कहा कि उनका सेक्टर 2 की टीम से मैच नहीं होगा, वो लोग विजेता हैं तो आगे के मैच उन्हें पहले की तरह खेलने दिए जाएंगे, तब सेक्टर 8 की टीम ने कहा कि वो लोग दिन भर से यही कह रहे हैं, तब उनकी बात क्यों नहीं मानी गई? अब वो लोग मैच नहीं खेलेंगीं। इस तरह महिला टीमों के बीच जारी विवाद के कारण न तो सही ढंग से मैच हुआ और न ही खिलाड़ी शांत हुईं। 

दरअसल, भिलाई के सेक्टर 2 ग्राउंड में पहली बार महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में भिलाई नगर निगम की गृहणियों की टीमें भाग ले रही हैं। आज आयोजन के दौरान सेक्टर 8 की महिला टीम ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जीत के बाद उन्हें सेक्टर 2 के पार्षद के कहने पर डिसचलीफाई किया जा रहा है। ये पूरी तरह से गलत है। इसे लेकर टीम की महिला खिलाडिय़ों ने ग्राउंड के अंदर घुसकर जमकर विरोध भी जताया। 

टीम की वाइस कैप्टन नंदिनी पात्रे का आरोप है कि उन्होंने कल सेक्टर 2 की टीम के साथ मैच खेला था। मैच के दौरान ही सेक्टर 2 के पार्षद राजेश ने कहा कि यदि उनकी टीम जीतेगी तो दोबारा मैच नहीं होगा। यदि वो हारते हैं तो वो दोबारा मैच कराएंगे। 

इस बारे में सेक्टर 2 के पार्षद और आयोजक अंजू साहू ने कहा कि यह मैच भिलाई नगर निगम की महिलाओं को लेकर हो रहा था। सेक्टर 8 की टीम में भिलाई निगम के बाहर की महिलाओं को शामिल किया गया है, यह नियम के खिलाफ है, इसलिए उन्हें डिसचलीफाई किया गया है। 

वहीं, सेक्टर 8 की टीम का कहना है कि उन्होंने अपनी टीम के खिलाडिय़ों का नाम आधार कार्ड के साथ सेक्टर 8 पार्षद को दे दिया था। खिलाडिय़ों के साथ टीम की लिस्ट आयोजन समिति के पास काफी पहले आ गई थी, इसलिए उन्हें यदि डिसचलीफाई ही करना था तो मैच खेलने से पहले करना था। मैच जीतने के बाद ऐसा करके खेल भावना के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

सेक्टर 8 टीम की महिला खिलाडिय़ों ने इस मामले को लेकर ग्राउंड में ही जमकर हंगामा किया। इसके चलते दूसरी टीम का चल रहा मैच रुक गया। काफी देर तक आयोजन समिति और महिला खिलाडिय़ों में बहस होती रही। इसके बाद उन्हें ग्राउंड से बाहर जाकर अपनी बात रखने और विरोध करने की बात कही गई। आज काफी देर बाद महिलाएं ग्राउंड से बाहर आईं और जैसे तैसे मैच शुरू हो सका।

 


अन्य पोस्ट