दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत भानपुरी मोड़ पर बुधवार की दोपहर ट्रक चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को जमकर ठोकर मार दी। दोनों को गंभीर चोटे आई। घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची 112 वाहन टीम ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया वही एक युवक अस्पताल में भर्ती है। अंडा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, वहीं ट्रक का चालक फरार हो गया है।
ग्राम कुथरेल थाना अंडा निवासी नीलम चंद्राकर (31)बुधवार की दोपहर अपनी मोटरसाइकिल पर अपने साथी राजू देशमुख (41) निवासी कुथरेल को बैठाकर अंडा शराब भट्टी के पास से होते हुए वापस अपने घर कुथरेल जा रहा था। इसी दौरान भानपुरी मोड़ पर साहू किराना दुकान के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जमकर ठोकर मार दी। इससे मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना में नीलम चंद्राकर की मौत हो गई वहीं राजू देशमुख को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। अंडा चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया है। उसके खिलाफ धारा 279, 337, 304 के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।