दुर्ग

आज शाम भिलाई में चेम्बर रत्न, चेम्बर गौरव व चेम्बर मित्रों का होगा सम्मान
19-Dec-2022 3:48 PM
आज शाम भिलाई में चेम्बर रत्न, चेम्बर गौरव व चेम्बर मित्रों का होगा सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री भिलाई इकाई द्वारा आज ‘चेम्बर गौरव दिवस’ मनाया जा रहा है। भिलाई इकाई के 3 हजार सदस्य पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्सव भवन सुंदर नगर में पूरे दिन भिलाई इकाई की विभिन्न शाखाओं के सदस्यों के लिए कार्यशाला हो रही है। कार्यशाला में मुख्य अतिथि चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी सहित विभिन्न वक्ताओं द्वारा विभिन्न विषयों से जुड़ी बारीकियों की जानकारी व्यापारी एवं उद्योगपतियों को दी गई।

प्रदेश चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि यह गौरव का विषय है कि भिलाई-दुर्ग चेम्बर परिवार अब 3 हजार सदस्यों का हो गया है, इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में चेम्बर द्वारा उत्सव व्यापारियों का, चेम्बर गौरव दिवस मनाया जा रहा है। जिसमें सुबह 10 बजे से लेकर रात 10 बजे तक भिलाई चेम्बर के विभिन्न इकाइयों के अंतर्गत व्यापारी बंधुओं के लिए विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में कार्यशाला का आय़ोजन किया गया जिसमें महिला शाखा, युवा शाखा, उद्योग शाखा एवं मुख्य शाखा द्वारा उपयोगी जानकारी व्यापारी बंधुओं को दी जा रही है, जिसका लाभ व्यापारी साथी उठा सकेंगे। 

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को लेकर चेम्बर पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा विभिन्न बाजारों के व्यापारियों को निमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। विभिन्न कार्यशालाओं के लिए सभी शाखाओं के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई। सर्वप्रथम भिलाई चेम्बर द्वारा स्टाफ ट्रेनिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिष्ठानों में कार्यरत स्टाफ को कार्यस्थल पर किस तरह व्यवहार करने सहित व्यक्तित्व विकास से संबंधी टिप्स दिए गए।
 

उद्योग चेम्बर अध्यक्ष जेपी गुप्ता ने बताया कि उद्योगपतियों को आज के दौर में जीएसटी एवं जीईएम पोर्टल संबंधी दिक्कतें आज भी हो रही हैं। जिसके निराकरण के प्रयास के क्रम में भिलाई उद्योग चेम्बर द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें सीए श्रीचंद लेखवानी द्वारा जीएसटी से जुड़े महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गयीं।

कार्यक्रम में डीआईसी के प्रबंधक तुषार त्रिपाठी ने फ्री होल्ड संबंधी जानकारी दी।वहीं लघु उद्योग भारती से संजय चौबे, अश्विन गर्ग भी सदस्यों को संबोधित किया। 

महिला चेम्बर अध्यक्ष सरोजिनी पाणिग्रही ने बताया कि चेम्बर सदैव ही महिला उद्यमियों के उत्थान के प्रति कार्य कर रहा है। इसी क्रम में व्यापार व उद्योग की महिलाओं की सहभागिता विषय पर सेमीनार का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला चेम्बर संरक्षक दीपा मध्यानी रहीं। भिलाई चेम्बर द्वारा बदलते परिवेश में व्यापार किस प्रकार किया जाये, इस पर भी व्यापारी सदस्यों को विशेषज्ञ वक्ता द्वारा टिप्स दिये गए। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के एक दिवसीय कार्यक्रम का समापन संध्या सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा। जिसमें प्रदेश चेम्बर अध्यक्ष अमर पारवानी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे।
 इस दौरान भिलाई चेम्बर द्वारा चेम्बर रत्न, चेम्बर गौरव व चेम्बर मित्रों का सम्मान किया जायेगा।

 


अन्य पोस्ट