दुर्ग

गौरव दिवस पर विधायक वोरा ने स्वच्छता दीदियों का किया सम्मान
18-Dec-2022 4:25 PM
गौरव दिवस पर विधायक वोरा ने स्वच्छता दीदियों का किया सम्मान

1.75 करोड़ की नवीन पानी टंकी जनता को समर्पित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,18 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार गठन को 4 वर्ष पूर्ण हो गए। 17 दिसंबर, 2018 को भूपेश बघेल ने राज्य के तीसरे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी एवं 15 वर्षों बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। दुर्ग में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के नेतृत्व में गौरव दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर बहुप्रतीक्षित पद्मनाभपुर वार्ड 46 में 1.75 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन पानी टंकी का वाल्व खोल कर विधायक वोरा ने 6 वार्ड की जनता को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति की सौगात दी। शहर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 12 नई पानी टंकियों का निर्माण स्वीकृत किया गया था, जिनमें से 9 टंकियां सुचारू रूप से शुरू की जा चुकी हैं। 17 लाख किलो लीटर क्षमता वाली 10वीं टंकी भी विधायक वोरा द्वारा महापौर धीरज बाकलीवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जनता को समर्पित की गई।

वोरा ने कहा कि नई पानी टंकी से आपूर्ति शुरू होने पर वार्ड 42 से लेकर 46 तक एवं वार्ड 41 के कुछ क्षेत्रों के सैकड़ों रहवासी शुद्ध पेयजल नियमित एवं निर्बाध रूप से प्राप्त कर लाभान्वित होंगे। जल्द ही नववर्ष में आर्य नगर एवं शक्ति नगर के निर्माणाधीन ओवरहेड वाटर टैंक भी शुरू किए जाएंगे, जिससे 153 करोड़ की लागत से शुरू की गई अमृत मिशन योजना का सम्पूर्ण लाभ शहर को मिलेगा।

गौरव दिवस को और भी अधिक गरिमामय बनाने के लिए विधायक वोरा ने इंदिरा मार्केट एवं रायपुर नाका में स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया एवं उनके कार्यों व साफ सफाई में दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका धन्यवाद दिया, साथ ही गौठान पहुंच कर गौमाता को चारा खिलाकर पूजा अर्चना की एवं शहर व प्रदेश की सुख समृद्धि व खुशहाली की प्रार्थना की।

इस दौरान शहर अध्यक्ष गया पटेल, सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेंद्र साहू ब्लाक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, महीप सिंह, राजकुमार पाली, एमआईसी संजय कोहले, दीपक साहू, जयश्री जोशी, भोला महोबिया शंकर ठाकुर एल्डरमैन राजेश शर्मा, प्रकाश जोशी,माहेश्वरी ठाकुर, उषा ठाकुर, हेमा शर्मा जल कर्म विभाग के अभियंता आर के जैन, भीम राव, नारायण ठाकुर समेत वार्ड वासी मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट