दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,17 दिसंबर। संपत्ति के लिए अपने बड़े पिता की गला घोटकर तथा बड़ी मां की चाकू मारकर हत्या कर देने वाले आरोपी को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश शैलेश कुमार तिवारी की कोर्ट ने आरोपी गोकुल कुमार साहू को धारा 302 के तहत दो बार मरते दम तक आजीवन सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 8 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, धारा 201 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 6 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ.साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक अरशद खान ने पैरवी की थी।
अपर लोक अभियोजक अरशद खान ने बताया कि विष्णु साहू एवं उनकी पत्नी नीरा साहू सुदामा नगर टिकरापारा रायपुर निवासी थे। उनका कारखाना एवं कई कारोबार थे । वह संपन्न व्यक्ति थे परंतु उनकी कोई संतान नहीं थी । उनकी संपत्ति को देखकर विष्णु साहू का भतीजा गोकुल कुमार साहू 34 वर्ष निवासी ग्राम सगरा थाना मगरलोड जिला धमतरी के मन में लालच आ गया और उसने अपने बड़े पिता विष्णु साहू एवं बड़ी माता नीरा साहू की हत्या करने का प्लान बनाया। वह हत्या करने के बाद पूरी संपत्ति स्वयं हड़पना चाहता था।
29 मई 2019 की रात को आरोपी गोकुल ने पहले विष्णु साहू को कार में बैठा कर बेरला रोड, ग्राम सिमरिया गिरहोला के नाले के पास लेकर आया और कार में कुछ खराबी आने की बात कहकर नीचे उतरा। मौका पाकर आरोपी ने नायलॉन की रस्सी से विष्णु साहू का गला घोट दिया।
इसके बाद शव को बोरे में भरकर ग्राम सेमरिया गिरहोला पुल के पास फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुन: वापस आया और अपनी बड़ी मां नीरा साहू को किसी बहाने से कार में बैठा कर ग्राम कारा की ओर लेकर आया। रास्ते में कार को रोककर धारदार चाकू से नीरा साहू की हत्या कर दी और उसके शव को भी बोरे में भरकर किसी अन्य जगह पर ले जा कर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी वापस घर आ गया। जब विष्णु साहू एवं नीरा साहू घर नहीं पहुंचे तब नीरा साहू के भाई प्रार्थी अजय साहू ने थाना बेरला में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।