दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 दिसंबर। श्री जलाराम सांस्कृतिक भवन दुर्ग में चल रही स्व. लालजी भाई आड़तिया की स्मृति में आयोजित श्री जलाराम ट्रॉफी राज्य स्तरीय ओपन स्पर्धा के छठवें चक्र की जानकारी देते हुए जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं कोषाध्यक्ष तुलसी सोनी ने छठवें चक्र पश्चात बिना कोई मैच हारे पूरे 6 अंकों के साथ भिलाई के एस धनंजय शीर्ष पर चल रहे हैं। छठवें चक्र में टॉप 4 बोर्ड पर खेली गई बाजियों का विवरण इस प्रकार है। पहले बोर्ड पर भिलाई के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एस धनंजय व राजनांदगांव के रजनीकांत बक्शी के साथ किंग्स इंडियन डिफेंस से खेली गई बाजी में 33 वीं चाल में धनंजय ने जीत हासिल कर ली।
दूसरे टेबल पर दुर्ग के राहुल शर्मा व दुर्ग के अजय के साथ डच डिफेंस से खेली गई बाजी 26 वीं चाल पश्चात अनिर्णीत रही। बिना कोई नतीजा के खत्म बाजी में दोनों खिलाडिय़ों को आधा-आधा अंक के साथ समझौता करना पड़ा। तीसरे टेबल पर रायपुर के शुभंकर बामलिया व भिलाई के शेख इदु की बाजी ट्रेडिशनल फेंचेटो से शुरुआत हुई। 43 चालों तक चली इस कश्मकश बाजी में अंतत: शेख इदु ने 43 वीं चाल में बाजी अपने पक्ष में करते हुए 1 अंक की बढ़ोतरी कर ली। चौथे टेबल पर भिलाई के ही यशद बा बेश्वर व वंश अग्रवाल के मध्य बाजी की शुरुआत इंग्लिश डिफेंस से हुई। यशद ने काफी जद्दोजहद के बाद वंश अग्रवाल को हराने में सफल रहे । स्पर्धा में मुंगेली के दृष्टिबाधित शतरंज खिलाड़ी खिलेश्वर प्रसाद अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आंखों की रोशनी नहीं होने के बाद भी शतरंज की बिसात पर शह और मात के खेल को खेलने वाले खिलेश्वर को शतरंज की चाल चलते देखकर लोग आश्चर्यचकित हो जाते हैं। खिलेश्वर ने छह मैचों में ढाई अंक बनाकर खेल रहे हैं।