दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,12 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की जनता को केंद्र की मोदी सरकार ने हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन की सौगात प्रदान कर दी है। रविवार को नागपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया। दोपहर लगभग 2.15 बजे दुर्ग स्टेशन पर पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत के लिए राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय, दुर्ग सांसद विजय बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, बृजेश बिचपुरिया, भाजपा के वरिष्ठ नेतागण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता स्टेशन पर मौजूद रहे।
इस दौरान कार्यकर्ता बड़े-बड़े झंडे लेकर मोदी जिंदाबाद के लगातार नारे लगाते रहे। दुर्ग स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन लगभग 5 मिनट रुके रही। ट्रेन चलाने वाले परिचालकों का लोगों ने पुष्पगुच्छ से सम्मान किया। यात्रियों की सुविधा के लिए वंदे भारत स्पेशल ट्रेन प्रारंभ कर दी गई है।
12 दिसंबर से यह ट्रेन जनता के आने जाने के लिए प्रारंभ कर दी जाएगी। इसके लिए बुकिंग भी प्रारंभ की जा चुकी है। रविवार दोपहर में ट्रेन आने से पूर्व ही प्लेटफार्म नंबर 4 पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, आम जनता की भीड़ लग गई थी। रेलवे प्रबंधन द्वारा प्लेटफार्म नंबर 4 पर लोगों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई थी? लगभग 2.15 बजे नागपुर की ओर से ट्रेन दुर्ग स्टेशन पर पहुंची। इस दौरान लोगों को ट्रेन में प्रवेश कर उसके भीतर दी जा रही सुविधाओं को भी देखने दिया गया।
ट्रेन आने से पूर्व ही राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, दुर्ग सांसद विजय बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, वैशाली नगर के विधायक विद्या रतन भसीन, लाभचंद बाफना, कैलाश शर्मा, माया बेलचंदन, अजय तिवारी, राजू भाटिया, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, वरुण जोशी,सहित सैकड़ों भाजपा के कार्यकर्ता व सदस्य उपस्थित थे। इसी तरह रेलवे प्रशासन की ओर से रेलवे मंडल रायपुर के डीआरएम संजीव कुमार, एसडीआरएम वैष्णव, चीफ स्टेशन मैनेजर जे प्रधान भी दुर्ग स्टेशन पर मौजूद रहे।