दुर्ग

हेमचंद यादव विवि को मिली राज्य स्तरीय एनएसएस कैंप की मेजबानी
11-Dec-2022 4:16 PM
हेमचंद यादव विवि को मिली राज्य स्तरीय एनएसएस कैंप की मेजबानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसम्बर। हेमचंद यादव विवि को छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के एक सप्ताह के कैंप आयोजन करने की जिम्मेदारी राज्य शासन द्वारा सौंपी गई हैं। 
यह जानकारी देते हुए विवि के एनएसएस समन्वयक, डॉ. आरपी अग्रवाल ने बताया कि जनवरी 2023 के तीसरे सप्ताह में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय कैंप में 8 विवि के लगभग 250 स्वयं सेवक एवं 50 एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी तथा

जिला संगठक हिस्सा लेंगे। इस आषय का निर्णय मंत्रालय, महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में लिया गया। 

बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त, शारदा वर्मा ने की। राज्य एनएसएस की सम्पर्क अधिकारी तथा पदेन उपसचिव, नीता बाजपेयी सहित छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों के एनएसएस जिला संगठक इस बैठक में उपस्थित थे।  हेमचंद यादव विवि दुर्ग की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने विवि को राज्य स्तरीय एनएसएस कैंप की मेजबानी की जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विवि इस कैंप का आयोजन पूरी जिम्मेदारी के साथ गरिमापूर्ण ढंग से अपने संबद्ध महाविद्यालयों में से किसी एक महाविद्यालय में करेगा। 

कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि इस 7 दिवसीय राज्य स्तरीय कैंप के दौरान एनएसएस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जैसे- सामाजिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, जैसे बिन्दुओं पर केन्द्रित होंगी। जिस भी महाविद्यालय में यह कैंप आयोजित होगा उसके समीपस्थ स्थित ग्राम को उपरोक्त बिन्दुओं पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से लाभांवित किया जाएगा।

विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन हेतु विभिन्न महाविद्यालयों से प्राप्त आवेदनों पर विवि प्रशासन विचार विमर्श कर रहा है। स्थान चयन के लिए कुलपति द्वारा एक समिति गठित की गई है, जो अंतिम निर्णय लेगी। इसके अलावा एनएसएस समन्वयक, डॉ. आरपी अग्रवाल के नेतृत्व में कैंप के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समितियां गठित की गई हैं।  

 


अन्य पोस्ट