दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसम्बर। घरेलू विवाद के चलते कैंची से मारकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को कोर्ट ने सजा दी है। जिला सत्र न्यायाधीश संजय कुमार जायसवाल की कोर्ट ने आरोपी अंकुर वाघ को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर दो माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने पैरवी की थी।
लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने बताया कि आरोपी अंकुर वाघ का पूर्व में दो विवाह हो चुका था। इसके बाद उसने शीतलाना ठाकुर से वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था और उत्कल नगर वार्ड 48 में राजेंद्र साहू के मकान में किराए पर रहने लगा था। आरोपी मोटर मैकेनिक का काम करता था। शीतलाना ठाकुर की मां की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने मां के पास आते जाते रहती थी।
शादी के कुछ दिन बाद से ही आरोपी अंकुर वाघ अपने पत्नी के चरित्र पर शंका करने लगा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होते रहता था। एक फरवरी 2021 को आरोपी अपनी पत्नी व बच्चे को लेकर शीतलाना ठाकुर की मां के घर गया हुआ था। रात को खाना खाकर वह सब वापस उत्कल नगर आ गए थे। रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। गुस्से में आकर आरोपी ने कैंची से शीतलाना के पेट, पीठ, कमर में गंभीर वार किए, जिससे शीतलाना की मौत हो गई थी।