दुर्ग
जुनवानी और सुपेला वार्ड में पसरी मिली गंदगी, नालियाँ भी जाम
भिलाई नगर, 9 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी के भिलाई जिला अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया के नेतृत्व में आज शंखनाद यात्रा निकाली गई। यात्रा की पहले दिन शुरूआत वार्ड एक जुनवानी से की गई। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने भाजपाईयों को बताया कि उनके वार्ड में गंदगी पसरी है, नालियां जाम हैं, इसकी वजह से बीमारियां फैल रही हैं। इसके लिए निगम प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार है। यात्रा में शामिल लोगों ने उन्हें आश्वस्त किया कि इन सभी समस्याओं को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि शंखनाद यात्रा से भाजपा की भिलाई जिला इकाई 9 दिसंबर से हर एक वार्ड में यात्रा कर लोगों से उनकी समस्या जानेगी और उन्हें बताएगी की उसके लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही भाजपा इस व्यवस्था को सुधारने के लिए लड़ाई भी लड़ेगी।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया ने आज जुनवानी में अपनी पद यात्रा शुरू करते हुए इसे शंखनाद पदयात्रा का नाम दिया। जिलाध्यक्ष श्री बिचपुरिया ने बताया कि शंखनाद पदयात्रा रोज़ाना 7 वार्ड में जाएगी। लोगों से मुलाकात करेगी। उसे शासन की योजनाओं के बारे में बताएगी और पूछेगी कि उन्हें कौन सी योजना का लाभ क्यों नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अत्याचार मचा हुआ है। निगम में लोग मनमाने तरीके से काम करके जनता के साथ अत्याचार कर रहे हैं। निगम के द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह से वार्डों में नालियां गंदगी से भरी हुई हैं। नालियां जाम होने से पानी आगे नहीं जा पा रहा है। इससे मच्छर बढ़ रहे हैं और डायरिया का प्रकोप बढ़ रहा है। डायरिया का प्रकोप कैंप से बढ़कर कुरुद तक पहुंच गया है। जल्द ही ये पूरे शहर में बढ़ जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने निगम को ज्ञापन देकर सड़क नाली पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सही तरीके से देने की मांग की जायेगी। उन्होंने निगम प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि 5 दिन के अंदर व्यवस्था में सुधार नहीं होता तो भाजपा इसके विरोध में जंगी प्रदर्शन करेगी। इसके लिए नगर निगम जिम्मेदार होगा। शंखनाद यात्रा में संजय दानी, अमर सोनकर, अनिता सिंह सहित कैम्प, सुपेला, खुर्सीपार, टाउनशिप के सैकडो़ं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। शाम 4 बजे शंखनाद यात्रा सुपेला स्थित वेंकटेश्वर टाकीज़ क्षेत्र से प्रारंभ हुई और शाम 7 बजे तक समीपस्थ वार्डों की समस्या सूचीबद्ध करते हुए राम नगर क्षेत्र पहुंची। कल सुबह 9 बजे से पुनः भाजपा की शंखनाद यात्रा अन्य वार्डों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से वहां की समस्याओं की जानकारी लेगी।