दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसम्बर। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से समृद्धि बाजार के पास फ्लेक्स बांध रहे मजदूर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पदमनाभपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच को दिशा दी है।
पुलिस के मुताबिक समृद्धि बाजार के पास रोड के किनारे फ्लेक्स लगाने का काम ठेका कंपनी द्वारा करवाए जा रहा है। मंगलवार की शाम को मुंबई अटल आवास उरला थाना मोहन नगर निवासी परसराम धनकर (50) फ्लेक्स लगाने का कार्य कर रहा था। कार्य के दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट से बुरी तरह झुलसने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही पदमनाभपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, और पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है। जानकारी के मुताबिक शहर के कई हिस्सों में होर्डिंग लगाने का ठेका दक्षिण गंगोत्री सुपेला निवासी ठेकेदार हेमराज पटेल को मिला हुआ है।
मारुति एडवरटाइजिंग कंपनी एवं पेटी कांट्रेक्टर द्वारा कार्य के दौरान ग्लब्स, सेफ्टी बेल्ट या सेफ्टी उपकरणों का उपयोग नहीं करवाया जा रहा है, जिससे मजदूर की मौत हो गई।