दुर्ग

हेमचंद यादव विवि द्वारा गांधीजी के विचारों पर केन्द्रित सर्टिफिकेट कोर्स में 70 साल के प्रतिभागी ने अर्जित किये सर्वाधिक अंक
08-Dec-2022 4:49 PM
हेमचंद यादव विवि द्वारा गांधीजी के विचारों पर केन्द्रित सर्टिफिकेट कोर्स में 70 साल के प्रतिभागी ने अर्जित किये सर्वाधिक अंक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसम्बर।
  हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा गांधीजी के विचारों पर केन्द्रित एक माह के सर्टिफिकेट कोर्स के संबंध में आयोजित लिखित परीक्षा, प्रोजेक्ट एवं पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण परीक्षा में 70 वर्षीय शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त डॉ. विश्वनाथ पाणिग्रही सहित दो और प्रतिभागियों ने 100 में से 89 अंक प्राप्त कर कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा के करकमलों द्वारा प्रावीण्यता पदक एवं प्रमाणपत्र हासिल किया। 

अन्य दो सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय, हुडको भिलाई की प्राचार्य, डॉ. हंसा शुक्ला एवं सेठ बद्रीनाथ खण्डेलवाल शिक्षा महाविद्यालय, दुर्ग की बीएड की छात्रा, डॉ. प्राजंली गनी शामिल हैं। 

कोर्स समन्वयक, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस कोर्स में 74 प्रतिभागी प्रवेशित हुए थे, जिनमें से 56 प्रतिभागियों को ऑनलाईन कक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति तथा लिखित परीक्षा, प्रोजेक्ट एवं पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर विवि द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार प्रमाण पत्र हेतु पात्र पाया गया। इन्हीं 56 प्रतिभागियों को  विवि परिसर स्थित टैगोर हॉल में आयोजित समारोह में कुलपति डॉ. पल्टा ने प्रमाणपत्र वितरित किया। इनमें महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, एवं छात्र-छात्राएं तथा आमजनमानस शामिल थे।

प्रमाणपत्र वितरण समारोह के दौरान धमधा के प्रतिभागी विष्णु प्रसाद ताम्रकार ने गांधीजी के पारंपरिक चरखा तथा पुस्तक चरखा का प्रयोग कर सूत काटने का सभी के समक्ष प्रदर्शन किया। श्री ताम्रकार का समारोह में अभिनंदन किया गया।   
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि अपने संबोधन में विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने कहा कि गांधीजी के विचार हर युग में प्रासंगिक है। हमें सर्टिफिकेट कोर्स के दौरान गांधीजी के जीवन एवं उनके विचारों से जुड़े अनेक नये पहलुओं की जानकारी मिली। विवि द्वारा आयोजित यह कोर्स हर दृष्टि से ज्ञानवर्धक एवं सफल रहा। कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने अपने संबोधन में कहा कि विवि क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक नागरिक, विद्यार्थी, प्राध्यापक, शोधार्थी तथा छात्र-छात्राओं को किसी विषय की सम्पूर्ण एवं गहन जानकारी उपलब्ध कराना इन सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य हैं। 
अपने फीडबैक में प्रतिभागियों ने गांधीजी के विचारों पर केन्द्रित एक माह के सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम को अत्यंत लाभदायक बताते हुए कुलपति, डॉ. पल्टा से आग्रह किया कि आने वाले महीनों में विवि स्वामी विवेकानंद, अब्दुल कलाम, भारतीय वैज्ञानिकों की सफलता जैसे विषयों पर भी सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम आयोजित करें। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विवि की डीसीडीसी, डॉ. प्रीता लाल ने किया।
2 साल पहले लापता नाबालिग को पुलिस ने ढूंढकर परिजनों को सौंपा
राजनांदगांव, 8 दिसंबर। दो साल पूर्व से घर से निकली नाबालिग को ऑपरेशन मुस्कान के तहत् पतासाजी कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 20 को प्रार्थीया ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग लडक़ी को कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर भगा कर ले गया है । रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 363 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया था।
निरीक्षक राजेश देवदास के नेतृत्व में थाना गंडई पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर  7 दिसंबर को अपहृता का पता तलाश कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

 


अन्य पोस्ट