दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसम्बर। कसारीडीह सिविल लाइन स्थित प्रसिद्ध श्री सार्ईं बाबा मंदिर में 3 दिवसीय वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को साईं बाबा के दर्शन के लिए साईं भक्तों का रैला लगा रहा। सुबह से ही मंदिर में भजन कीर्तन के गूंज में साईं भक्त नाचते-गाते रहे, जिससे मंदिर श्रद्धाभाव से सराबोर रहा।
विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, प्रकाश गीते के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने साईं बाबा के दर्शन कर शहर की खुशहाली के लिए कामना की।
दोपहर बाद रंगोली बनाओ और सलाद सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 60 से अधिक की संध्या में महिलाए युवती व बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपने उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा निर्मित संदेश वाहक रंगोलियों ने श्रद्धालुओं को खासा प्रभावित किया है, वही सलाद की आकर्षक साज-सज्जा आकर्षण का केंद्र रही।
यह प्रतियोगिता निर्णायक विभा भंडारकर, रंजना गुप्ता, सीमा देवांगन, सारिका शिवणकर, अंजू चंद्राकर, मीनाक्षी शर्मा की देखरेख में संपन्न हुई। रात छत्तीसगढ़ी गीत संगीत का कार्यक्रम रंग झरोखा भिलाई के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समां बांधी। कलाकारों के गीतों, नृत्य व संगीत ने श्रद्धालुओं की जमकर तालियां बटोरी।
कार्यक्रम में दुर्ग नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव संदीप वोरा बतौर अतिथि शामिल हुए।