दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसम्बर। आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने कहा कि जिसको सम्यक दर्शन होता है, वह भक्ति से दूर नहीं हो सकता। सम्पूर्ण विश्व का आनंद चाहिए तो जिनवाणी में गोता लगाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कथानक पुराण व दृष्टांत आत्मा के अंदर प्रवेश कराते है।
नसिया तीर्थ में ज्ञान कल्याणक के दिन एक प्रसंग के माध्यम से आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने बताया कि ज्ञान यदि लंगड़ा है और चरित्र यदि अंधा है तो दोनों को मिलाकर मोक्ष के मेले तक पहुंचा जा सकता है। संसार में श्रेष्ठ वक्ता बनना है तो उसके लिए तैयारी नहीं करनी चाहिए बल्कि तैयार रहना चाहिए। तैयारी करने वाले के माथे फट जाते है। जो श्रावक को पुण्य क्रिया करने का निषेध कर रहा है वह छल कर रहा है। काम ऐसे करो कि पाप का बंधन हो। ऊँचा देखो और ऊँचा बोलो। किसी भी वस्तु या व्यक्ति को अच्छी आँखों से देखो। सबके दिन एक जैसे नहीं होते समय कभी भी बदल सकता है। आचार्य ने कहा है कि जिनालय में दान करने से स्वर्ग मिलता है। दान करने से गृहस्थी के पाप कटते है। उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए किए गए दान का उपयोग अपने लिए कभी मत करो उससे नरक गति प्राप्त होती है।
भगवान का हुआ आहार
बुधवार को ज्ञान कल्याणक के दिन सुबह 7 बजे नित्य महाभिषेक शांतिधारा पूजन एवं शांति हवन हुआ। पूर्वान्ह 10 बजे भगवान का आहार का कार्यक्रम हुआ। दोपहर 1 बजे ज्ञान कल्याणक की अंतरंग क्रियाएँ प्रारंभ हुई। श्रीजी की स्थापना मंत्र साधना तिलक दान मुखोद्घाटन नेत्रोन्मीलन प्राण प्रतिष्ठा सूरी मंत्र केवल ज्ञानोत्पत्ति समवशरण रचना, तत्वचर्चा ज्ञान कल्याणक पूजन व जिनबिम्ब स्थापना का कार्यक्रम हुआ। शांति धारा का सौभाग्य कमल कुमार विनोद कुमार पाटनी को प्राप्त हुआ।
आचार्य के पाद प्रसाद का अवसर मूलचंद नमन गंगवाल कांची व शास्त्र भेंट का सौभाग्य मुन्नी देवी रतन लाल पाण्डया को प्राप्त हुआ। दीप प्रज्जवलन राकेश छाबड़ा दिलीप बाकलीवाल व पंकज छाबड़ा ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छग वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष व विधायक अरूण वोरा, ज्ञानचंद गंगवाल, महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला भाजपाध्यक्ष जीतेन्द्र वर्मा अन्य अतिथि के रूप में सविता अश्वत जैन कर्नाटक, देवेन्द्र अजमेरा गोन्दिया, पंकज बोहरा नागपुर, प्रदीप पाटनी रायपुर व बलौदाबाजार के अध्यक्ष उपस्थित थे। मंच संचालन जितेन्द्र पाटनी ने किया।