दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 नवंबर। परिवादी से ऋण स्वरूप राशि लेने के बाद भुगतान के लिए आरोपी द्वारा दिए गए अलग-अलग तिथि के दोनों चेक बैंक में अनादरित हो गए। इस मामले में न्यायालय ने आरोपी को सजा दी है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सत्यानंद प्रसाद ने आरोपी घनश्याम प्रसाद सोनी को परक्रा य लिखित अधिनियम की धारा 138 के तहत 1 वर्ष का साधारण कारावास और कुल 7,50,000 रुपए अर्थदंड देने की सजा सुनाई है। अर्थदंड की राशि समय पर न दे पाने की स्थिति में उसे 3 माह के अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भी भुगतनी होगी। परिवादी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज चौबे ने पैरवी की थी।
अधिवक्ता नीरज चौबे ने बताया कि परिवादी सोनाराम 60 वर्ष निवासी वीआईपी नगर रिसाली की आरोपी घनश्याम प्रसाद सोनी 40 वर्ष निवासी वार्ड 12 नगर पंचायत नवागढ़ से पुरानी जान पहचान थी। आरोपी को अपने घरेलू व निजी आवश्यकता होने पर उसने जिला जांजगीर चांपा स्थित अपने हिस्से की जमीन व मकान को परिवादी के पास 5 लाख रुपये में विक्रय करने का पक्का सौदा कर 2 लाख रुपये बयाना स्वरूप प्राप्त कर लिया था। इसी प्रकार आपसी व्यवहार के चलते उसने 3 लाख रुपये उधार स्वरूप परिवादी से ले लिया था। किसी कारणवश उक्त जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो पाई। जब परिवादी द्वारा रकम की मांग की गई तो आरोपी ने उसे पंजाब नेशनल बैंक शाखा नैलाए जांजगीर का 2 लाख रुपये का चेक दिया था। जब उसने चेक बैंक में जमा किया तो चेक बाउंस हो गया था। बची हुई 3 लाख रुपये की रकम वापसी को लेकर भी आरोपी ने चेक दिया था, वह भी चेक बाउंस हो गया था।