दुर्ग

सट्टा किंग से तोहफे में आईफोन, और 5 लाख का शापिंग कार्ड लेने वाले भी राडार में
18-Nov-2022 1:37 PM
सट्टा किंग से तोहफे में आईफोन, और 5 लाख का शापिंग कार्ड लेने वाले भी राडार में

  महादेव ऐप सक्सेस पार्टी में शामिल लोगों के पासपोर्ट, और इमिग्रेशन जांच के आदेश   
पूर्व पार्षद, जमीन दलाल सहित संलिप्त पुलिस कर्मियों पर भी लटकी तलवार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 नवंबर।
महादेव आनलाईन बेटिंग ऐप संचालकों के बुलावे पर सक्सेस पार्टी में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधि, ठेकेदार, व्यापारी, अफसर सहित इस साल सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल से मुलाकात करने दुबई यात्रा करने वालों के खिलाफ जानकारी जुटाने दुर्ग जिला पुलिस की एक विशेष टीम काम कर रही है।

बड़े ही गुपचुप तरीके से आनलाईन सट्टा पैनलिस्टों की मदद और इस कारोबार में संलिप्त लोगों से लाभ लेने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी अनेक जानकारी टीम को मिली है जो ऑनलाइन बेटिंग ऐप में पैनल आपरेट कर रहे लोगों से सांठ गांठ कर उनकी मदद करते रहे हैं। चर्चा यह भी है कि फरार आरोपी सौरभ चंद्राकर द्वारा कुछ पुलिस कर्मियों और सट्टा कारोबार में उसकी मदद कर रहे लोगों को आईफोन बतौर तोहफ़ा भिजवाया गया था, इसकी भी पूरी जानकारी सूची सहित टीम को मिली है। यह भी पता लगा है कि सक्सेस पार्टी में शामिल सभी लोगों को 5 लाख रूपये का शॉपिंग कार्ड भी दिया गया था जिससे एक मॉल से कई लोगों ने खरीददारी की है।

ये सभी लोग प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से महादेव ऐप संचालकों के इशारे पर पैनलिस्ट को सहयोग करते हुए इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। पुलिस जांच में हाल ही में निगम के कुछ पूर्व पार्षद और ठेकेदार द्वारा आनलाईन बेटिंग पैनल आपरेट करने की जानकारी मिली है, इस पर भी जांच टीम काम कर रही है।
पुलिस विभाग से निलंबित सिपाही सहदेव सिंह के खिलाफ दो विभागीय जांच टीम काम कर रही है जिसमें एक टीम ने रिपोर्ट भी सबमिट कर दी है। इस दौरान कुछ जमीन व्यवसायी और निगम ठेकेदार सहित पुलिस विभाग के एक दर्जन से अधिक लोगों के संलिप्त होने की बात सामने आई है। एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने सभी के पासपोर्ट और इमिग्रेशन जांच के आदेश दिए हैं।

 


अन्य पोस्ट