दुर्ग

जब किसी ने नहीं सुनी तो अकेले धरना पर बैठ गई महिला, निगम में हड़कंप
17-Nov-2022 10:39 AM
जब किसी ने नहीं सुनी तो अकेले धरना पर बैठ गई महिला, निगम में हड़कंप

पार्षद और एमआईसी सदस्य पर धमकाने और जमीन हड़पने का आरोप

थाना, कलेक्टोरेट, निगम में किसी ने नहीं सुनी तो अकेले ही पेड़ के नीचे बैठ गई

भिलाई नगर, 17 नवंबर। दुर्ग नगर निगम के पार्षद और एमआईसी सदस्य मनदीप सिंह भाटिया पर जबरदस्ती जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए महिला ने अकेले पेड़ के नीचे धरना दे दिया, वह कल दिन भर धरना पर बैठ रही। महिला का कहना है कि इसकी शिकायत उसने दुर्ग कोतवाली, कलेक्टोरेट और महापौर से की लेकिन जब उसकी सुनवाई नहीं हुई तो बुधवार को वो धरने पर बैठ गई। कल महिला शाम तक धरने पर बैठी रही तो महापौर ने महिला से चर्चा कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी तरफ जिस पार्षद पर महिला का आरोप है उनका कहना है कि मेंने कोई जमीन पर कब्जा नहीं किया है, निगम इस मामले की जांच करवा ले। 

गौरतलब हो कि बुधवार को दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में वार्ड 7 निवासी रेखा अग्रवाल ने निगम परिसर में अकेले ही धरना दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग नगर निगम के एमआईसी सदस्य व पार्षद मनदीप सिंग भाटिया ने उनकी जगह पर जबरिया कब्जा करने की कोशिश की है और उनकी दुकान को तोड़ दिया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। महिला का कहना है कि उन्होंने शासन की फ्री होल्ड योजना के तहत उस जमीन के अधिग्रहण के लिए आवेदन लगाया हुआ है। दुर्ग तहसील के राजस्व निरीक्षक ने मौका मुआयना भी कर लिया है। उसका आवेदन प्रक्रियाधीन है। जल्द ही इस जमीन का मालिकाना हक उन्हें मिल जाएगा। उसके बावजूद पार्षद मनदीप सिंह भाटिया ने उन्हें वह जमीन खाली करने के लिए डराया धमकाया। साथ ही उस जगह रखे उनके ठेले को भी तोड़ दिया है। रेखा ने बताया कि पार्षद मनदीप उन्हें वह जगह खाली करने के लिए कई बार धमकी दे चुका है। इसकी शिकायत उन्होंने कोतवाली थाने में कई बार की है। मंगलवार की रात भी वो शिकायत करने पहुंची थी। वहां पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस ने कहा यह मामला सिविल है अतः कोर्ट जाइए। थाने में सुनवाई न होने के बाद महिला दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल के पास गई। उन्होंने भी उसकी बात नहीं सुनी तो वो निगम मुख्यालय में धरने पर बैठ गई। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। महापौर ने महिला को बुलाया और आश्वासन दिया है कि वे जल्द उसके मामले का पता लगाएंगे। 

वहीं एमआईसी मेंबर और पार्षद मनदीप सिंह भाटिया ने कहा कि महिला ने उनके ऊपर जो भी आरोप लगाए हैं, वो झूठे और बेबुनियाद हैं। उसने न तो धमकी दी है और न ही उसकी जगह खाली करवाने के लिए किसी को भेजा है। मामले की जांच कर ली जाए तो खुद ही पता चल जाएगा कि सच्चाई क्या है।


अन्य पोस्ट