दुर्ग
भिलाई नगर, 16 नवंबर। सुपेला और वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर में दो अलग-अलग स्थान पर ताला तोड़ अज्ञात चोर एक लाख नगदी और लगभग एक लाख रूपये के जेवर कपड़े और सामान ले भाग निकले हैं। दोनों ही दुकान संचालकों की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 380 और 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कमलेश धर्मानी (46 वर्ष) अपनी रेडिमेड कपड़े की घर से लगी दुकान को रात में बंद कर बगल वाले मकान में सोने गए थे। सुबह साढ़े 9 बजे देखा कि चैनल गेट का ताला बंद था मगर अंदर के दोनों दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। भीतर जाकर देखा तो घर का सभी सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। घर की अलमारी का लॉकर तोडक़र एक लॉकेट लगी सोने की चैन, तीन चांदी का सिक्का 10-10 ग्राम तथा नगदी रकम करीबन 60 हजार रूपये अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
वहीं दूसरी घटना में राधिका पैलेस के बगल में शांति नगर में रमेश साहू के मकान में किराये से पूर्णिमा नेता (37 वर्ष) द्वारा संचालित बुटिक का ताला तोड़ ग्राहकों के नए कपड़े 3 बंडल तथा गल्ले में रखे नगदी रकम 40 हजार रूपये अज्ञात चोर घर की बाउंड्रीवाल पार करने के बाद मकान के सामने का ताला तोड़ ले गए हैं।