दुर्ग

डंपर की ठोकर से मृत बाइक सवार की शिनाख्त
15-Nov-2022 7:02 PM
डंपर की ठोकर से मृत बाइक सवार की शिनाख्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 नवंबर। सुपेला थाना क्षेत्र में कल रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा और उसके सिर तथा चेहरे पर चोट आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोडक़र भाग गया। सुपेला पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

सुपेला टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कि सोमवार रात 9.30 बजे उन्हें सूचना मिली कि सुपेला चौक में पेट्रोल पंप के ठीक सामने बड़ा हादसा हुआ है। तुरंत टीम को मौके पर भेजा। टीम मौके पर पहुंची और वहां लगी भीड़ को हटाया। इसके बाद मृत बाइक सवार युवक के बारे में लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने उसे नहीं पहचाना। लोगों ने बताया बाइक सवार युवक दुर्ग से रायपुर की तरफ बाइक सीजी 07 एलए 1138 से जा रहा था। अचानक उसे डंपर सीजी 07 सीबी 0122 के चालक ने चपेट में ले लिया। युवक मौके पर ही दम तोड़ चुका था। इसके बाद तुरंत शव को उठाया गया और दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया जिसके बाद उसे मरचुरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने डंपर और बाइक को जब्त कर लिया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सडक़ हादसे में मृत व्यक्ति की पहचान आज दोपहर हो गई है, पुष्टि के लिए परिजनों को सूचना दे दी गई है। सुपेला पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट