दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर , 15 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे एवं आयुक्त अजय त्रिपाठी की मौजूदगी में अवैध कब्जा धारियों, अतिक्रमण कारियों पर कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई।
निगम द्वारा इस संबंध में प्रेस तथा समाचार पत्रों के माध्यम से पूर्व में सूचना प्रसारित की गई थी। जिसके पश्चात कुछ व्यापारियों द्वारा निगम दल को सहयोग प्रदान करते हुए अपने बोर्ड, फलेक्स, अलमारी, बास-बल्ली सीढ़ी इत्यादि को स्वयं हटाया गया। शेष ऐसे निर्मित अवैध सीढ़ीयों एवं चबूतरे तोड़े गए, जिन्हें अवैध रूप से सर्विस रोड पर नाली के आगे बनाया गया था। निगम के राजस्व विभाग द्वारा जुर्माना लगाते हुए कुछ दुकानदारों पर चलानी कार्यवाही भी की गई।
उल्लेखनीय है कि, निगम दल कार्यपालन अभियंता सुनिल जैन, सहायक अभियंता देवेंद्र पांडे, उपअभियंता केश रात्रे, स्वास्थ्य अधिकारी अश्वनी चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग विद्युत विभाग सुधार दल (निगम का) राजस्व विभाग, संपदा तथा अन्य कर्मचारियों द्वारा संपूर्ण कार्यवाही को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान महापौर परिषद के सदस्य मोहन साहू, दीप्ति वर्मा, देवकुमारी भलावी, ईश्वर साहू मनोज कुमार, एस. वेंकट रमना, संतोषी निषाद एवं एम. जॉनी स्थल पर उपस्थित थे।
सिरसा गेट भिलाई 3 से दाहिनी ओर बैंक ऑफ बड़ोदा से आगे बढ़ते हुए पटेल पुस्तकालय भिलाई 3 तक की सर्विस रोड पर आज अतिक्रमण हटाए जाने का कार्य किया गया है।