दुर्ग
चीख सुन असली पिता ने बचाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 नवंबर। भिलाई-3 थाना क्षेत्र में सौतले पिता ने 9 साल की मासूम बच्ची से बलात्कार का प्रयास किया। बच्ची जब चीखी तो बगल में रह रहे पिता ने दौडक़र उसे बचाया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। भिलाई तीन पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक भिलाई-3 थाना क्षेत्र में एक महिला अपने पति को छोडक़र दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी। उसकी 9 साल की बेटी भी है।
महिला ने अपने पहले पति को तलाक देने के साथ उसके आधे घर को अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद उसने युवक से शादी की और उसके साथ अपने पति के बगल वाले कमरे में ही रहने लगी। उसकी 9 साल की बेटी अपनी मां और सौतेले पिता के साथ रह रही थी।
शनिवार को उसकी मां किसी काम से बाहर गई थी, तभी बच्ची को घर में अकेला पाकर सौतेले पिता ने उससे रेप की कोशिश की। पिता के जबरदस्ती करने पर बच्ची जोर-जोर से चिल्लाई।
बेटी की चीख सुनकर बगल से रह रहा असली पिता दौड़ा। उसने सौतेले पिता की जमकर धुनाई की और बेटी को बचाया। इसके बाद जब महिला घर लौटी तो बेटी ने पूरी हकीकत बताई।
यह सुनते ही मां बच्ची को लेकर भिलाई तीन थाने पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।