दुर्ग
दुर्ग, 13 नवंबर। आरोपी की पत्नी द्वारा पूर्व में पीडि़ता के साथ गाली गलौज कर विवाद किया गया था, इस बात को लेकर आरोपी को समझाने के लिए पीडि़ता उसके घर गई हुई थी। इससे नाराज आरोपी ने पीडि़ता के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। पीडि़ता की शिकायत पर पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294,323, 506 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक हुडको भिलाई निवासी पीडि़ता सुखविंदर कौर सेक्टर 9 अस्पताल भिलाई में पिछले 1 साल से नर्स का प्रशिक्षण ले रही हैं। ग्राम नगपुरा के बेनू कुमार साहू से उसकी जान पहचान पिछले ढाई साल से है। 20 अक्टूबर को वह ग्राम नगपुरा में बीनू कुमार साहू से बातचीत करने गई हुई थी। एक दिन पूर्व ही आरोपी बेनू कुमार साहू की पत्नी मीनाक्षी साहू ने पीडि़ता के साथ वाद-विवाद कर गाली गलौज किया था। पीडि़ता जब इस बारे में बेनू कुमार साहू को समझाने के लिए घर पर गई तो बेनू कुमार साहू ने पीडि़ता के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट की। इससे पीडि़ता के कान व अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोंट आई।