दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 नवंबर। फर्जी तरीके से कूटरचित दस्तावेजों के जरिए प्राथिर्या का फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन बंटवारे में धोखाधड़ी करने वाले मामले में बोरी थाना पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में दो आरोपी मुकेश देवांगन एवं पंकज देवांगन के खिलाफ पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई थी ।बोरी पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था । जानकारी के मुताबिक कुल रकबा 1.27 हेक्टेयर भूमि को आरोपी मुकेश देवांगन निवासी ग्राम लिटिया सेमरिया तथा आरोपी पंकज देवांगन निवासी उरला दुर्ग ने तहसील कार्यालय बोरी में फर्जी तरीके से कविता देवांगन के फर्जी हस्ताक्षर करते हुए फर्द बटवारा में ज्यादा संपत्ति को अपने कब्जे में लेकर धोखाधड़ी किया था। थाना में शिकायत के बाद आरोपी मुकेश देवांगन ने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन लगाया था, जिसे न्यायाधीश ने खारिज कर दिया है । थाना बोरी के प्रभारी ने बताया कि कूट रचित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद इनकी गिरफ्तारी की जाएगी।