दुर्ग

युवक की हत्या में तीन और गिरफ्तार, एक अब भी फरार
10-Nov-2022 5:18 PM
युवक की हत्या में तीन और गिरफ्तार, एक अब भी फरार

अब तक 9 पकड़े जा चुके हैं, एक महीने पहले हुई थी हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर। म्यूजिशियन नीलेश की हत्या के तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पूर्व 3 नवंबर को इस हत्याकांड के 6 आरोपियों को पुलिस द्वारा सिमगा से गिरफ्तार किया गया था।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि अब तक इस हत्याकांड में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि एक फरार आरोपी की अभी भी तलाश जारी है।

गौरतलब हो कि 17 अक्टूबर 2022 को प्रार्थी नितेश डहरे स्मृति नगर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई नीलेश डहरे निवासी स्मृति नगर 7 अक्टूबर से फोन रिसीव नहीं कर रहा है और उसका मोबाइल फोन बाद में बंद बताने लगा है। विगत 10 दिनों से उसका कुछ भी पता नहीं चलने पर स्मृति नगर पुलिस के द्वारा गुम इंसान कायम कर तलाश शुरू की गई थी।

इस मामले में म्यूजिशियन को स्मृति नगर क्षेत्र से आरोपी कार में उठाकर ले गये थे। आरोपियों ने सिमगा क्षेत्र के कचलोन गांव के नर्सरी में ले जाकर उसकी हत्या की और साक्ष्य छिपाने के लिये मृतक की लाश के करीब 10 से अधिक टुकड़े कर अलग अलग चार बोरों में डालकर डिस्पोजल करने का किया प्रयास था। लगातार 72 घण्टों से अधिक सुपेला थाना व स्मृति नगर चौकी की पुलिस टीम ने सिमगा में ही कैम्प कर 3 नवंबर को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

आरोपियों की निशानदेही पर घटना स्थल से करीब 150 किमी दूर बोरे में मृतक के धड़ का हिस्सा बरामद किया गया था। दुर्ग पुलिस ने सिमगा क्षेत्र के आदतन व कुख्यात आरोपी मोण्टू उर्फ अमरजीत के गैंग का किया पूरा सफाया कर दिया था। घटना में प्रयुक्त हथियारों के अलावा दहशतगर्दी करने के लिये रखे हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया था, जिसमें नकली पिस्टल भी शामिल थी।
आज गिरफ्तार किए गए गिरफ्तार आरोपियों में हरिश निषाद उर्फ राजा (24 वर्ष) निवासी ग्राम कचलोन, थाना सिमगा, जिला बलौदा बाजार, अभिषेक एक्का (24 वर्ष) निवासी जिला जेल के पास कोरबा मकान नंबर एच/07 पोस्ट रिस्दी, जिला कोरबा हालमुकाम शंकराचार्य कालेज के पास हुडको भिलाई, अभिषेक जंघेल (24 वर्ष) निवासी गोपालपुर, थाना छुईखदान जिला राजनांदगांव हालमुकाम पुष्पक नगर प्रतीक निवास पीजी हास्टल भिलाई शामिल हैं।
 


अन्य पोस्ट