दुर्ग

साढ़े 7 करोड़ खर्च कर भरे जाएंगे भिलाई की सडक़ों के 11 हजार से ज्यादा गड्ढे
10-Nov-2022 4:01 PM
साढ़े 7 करोड़ खर्च कर भरे जाएंगे भिलाई की सडक़ों के 11 हजार से ज्यादा गड्ढे

मुख्यमंत्री के निर्देश बाद सडक़ें जल्द दुरूस्त करने हो रही तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर ।
नगर निगम भिलाई और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स ने मिलकर शहर की 165 सडक़ों पर बने लगभग 11 हजार से ज्यादा गड्ढों का सर्वे कर सूचीबद्ध किया है। जितनी भी सडक़ें जर्जर हैं उनकी बाकायदा रिपोर्ट तैयार की गई है और जल्द ही सभी सडक़ों का संधारण होगा। जिसकी पूरी तैयारी निगम प्रशासन ने कर ली है।
नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास ने बताया कि शहर में जितनी भी खराब सडक़ें हैं, उन सभी खराब सडक़ों का संधारण किया जाएगा। इसके लिए सर्वे करा लिया गया है। इंजीनियर्स की टीम ने सर्वे कर रिपोर्ट दी है जिसके मुताबिक 165 सडक़ें खराब हैं जिसका जल्द संधारण होगा।

गौरतलब हो कि भिलाई शहर दो भाग में बँटा हुआ है। एक बीएसपी का टाऊनशिप क्षेत्र तो दूसरा पटरीपार है। बीएसपी मैनेजमेंट टाउनशिप की सडक़ों का नियमित मेंटेनेंस करता है जबकि पटरीपार की सडक़ों की जिम्मेदारी निगम भिलाई की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर पहली बार ऐसा हो रहा है कि जब रोड का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इसके बाद अब पटरीपार के सीसी रोड का भी पूरी तरह से संधारण करना है। इसके लिए सर्वे काम चल रहा है। जोन 1 में सर्वे पूरा हो चुका है। यहां करीब 50 सीसी रोड हैं जिसका संधारण होना है। इसी प्रकार अन्य जोन में भी सर्वे किया जा रहा है।

मुख्य सडक़ संधारण हेतु किए गए सर्वे के अनुसार भिलाई में पटरी पार क्षेत्र की खराब 165 सडक़ें हैं, जिसकी लंबाई करीब 56 किलोमीटर है। इन सभी सडक़ों का संधारण किया जाना है। क्योंकि ये सडक़ वर्षों से जर्जर हैं और इन पर 11 हजार से अधिक गड्ढे हैं, डामर और गिट्टी उखड़ गई जिसे भरने के लिए निगम प्रशासन अब लगभग 7 करोड़ 40 लाख रुपए खर्च करने की तैयारी कर चुका है।

विगत दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद निगम प्रशासन ने पहली बार ऐसी पहल की है जब निगम क्षेत्र के पटरीपार इलाके की सभी सडक़ों का एक साथ सर्वे किया गया और एक साथ पूरी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्ताव भेजा जा रहा है ताकि सभी सडक़ों का एक साथ संधारण करा इन्हें दुरूस्त किया जा सके। सर्वे में वे सभी सडक़ें चिन्हित की गयीं हैं जो लगभग 5 वर्ष से संधारण के अभाव में जर्जर हो चुकी हैं। इन सडक़ों में वैशाली नगर की प्रमुख सडक़, शांति नगर, भगत सिंह चौक, इंद्रा चौक जोन 2 की प्रमुख सडक़ें हैं।
 

वहीं निगम के नेहरू नगर जोन 1 में 30 सडक़ें शामिल की गई हैं, जिनका संधारण किया जाएगा। यहां कुल 8 किमी जर्जर सडक़ों की लंबाई है जिनकी मरम्मत में 1 करोड़ 20 लाख खर्च किया जाएगा। वैशाली नगर जोन 2 क्षेत्र में 54 सडक़ें जर्जर स्थिति में हैं। 9 किमी इन जर्जर सडक़ों की लंबाई है जिनकी मरम्मत में 1 करोड़ 70 लाख रुपए खर्च होगा। सर्वे में निगम क्षेत्र के मदर टेरेसा नगर जोन 3 में 21 जर्जर सडक़ें सूचीबद्ध की गई हैं जिनकी कुल लंबाई 9 किमी है, इनके संधारण में 3 करोड़ रुपए खर्च होंगे जबकि खुर्सीपार जोन 4 में 20 किमी की 60 जर्जर सडक़ें चिन्हित की गयी हैं जिनकी मरम्मत में 1 करोड़ 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

सर्वे में भेदभाव और स्तरहीन संधारण से व्यथित और असंतुष्ट हूं-पीयूष

भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने सडक़ सर्वे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि निगम में विकास कार्य के नाम पर भेदभाव बदस्तूर जारी है। सडक़ों के गड्ढे और मरम्मत को लेकर जो सर्वे निगम और पीडब्ल्यूडी इंजीनियर्स ने किया, उसमें कांग्रेस के पार्षदों से बाकायदा सूची मंगाई गई है जबकि निगम प्रशासन ने भाजपा और निर्दलीय पार्षदों को पूछा तक नहीं। जोन-4 में पीडब्ल्यूडी ने सडक़ संधारण कार्य शुरू भी कर दिया है, जहां कोई भी देख सकता है कि संधारण कार्य दिन रात आगे बढ़ रहा है लेकिन स्तरहीन काम होने की वजह से हाल ही में मरम्मत की गई सडक़ चंद दिनों में ही उखड़ती भी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जर्जर सडक़ का दंश झेल रहे भिलाईवासियों को गड्ढामुक्त सडक़ देना बेहतर प्रयास जरूर है लेकिन इसमें पक्षपाती रवैया और स्तरहीन संधारण कार्य होने की वजह से वो व्यथित और पूरी तरह असंतुष्ट हैं।
 


अन्य पोस्ट