दुर्ग

पाइप लाइन लीकेज प्रेशर से सडक़ क्षतिग्रस्त
10-Nov-2022 3:52 PM
पाइप लाइन लीकेज प्रेशर से सडक़ क्षतिग्रस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर।
कल दोपहर बाद अचानक टाऊनशिप में सेक्टर-6 सी मार्केट के पास 33 एमएलडी पानी के पाइप लाइन में लिकेज हो गया। लिकेज से पानी का प्रेशर सडक़ के नीचे इस कदर बढा़ कि 5 मिलियन चौक से जेपी चौराहा पहुंच मार्ग सी मार्केट की तरफ से गुजरने वाली सडक़ एकाएक गुब्बारे के माफिक फूलने लगी। यह देख रास्ते से गुजरने वाले लोग वहीं ठहर गए। सडक़ के उखड़ जाने के अंदेशे से स्टापर लगा आवागमन बगल की सडक़ पर डायवर्ट किया गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस विभाग को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्टॉपर लगाया।

गौरतलब हो कि 5 एमटी चौक से सुपेला रेलवे फाटक आने वाले रास्ते में सेक्टर-सी मार्केट के समीप सडक़ के नीचे से पानी की पाइप लाइन बिछी है। इस पाइप से पानी लीकेज हुआ तो सडक़ पर जगह जगह पानी निकलने लगा और इसके बाद लीकेज का फोर्स बढऩे से चंद मिनट में सडक़ गुब्बारे जैसे फूलने लगी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को दूसरे रास्ते से आवाजाही करने के लिए उस मार्ग को स्टापर लगा बंद किया गया, इस बीच तत्काल बीएसपी मैनेजमेंट को खबर कर पाईप लाईन की सप्लाई को रोक दिया गया।
बीएसपी के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि टाउनशिप में सेक्टर-6 सी मार्केट के पास सडक़ के नीचे से जा रही 33 एमएलडी पाइप में लीकेज को प्रबंधन ने संज्ञान में लिया है। युद्ध स्तर पर इस लीकेज का रिपेयर कराया जायेगा फिलहाल आमजनों के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की मदद से इस क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी गई है। संभवत: आज पाइप लीकेज की रिपेयरिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट