दुर्ग
गांव के दम्पत्ति पर आरोप लगा पुलिस को बताते रहे कहानी
अलग-अलग पूछताछ करने से बदले बयान से हुआ संदेह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 नवंबर। थाना अण्डा क्षेत्रांतर्गत ग्राम रुदा में घटित अपहृत बालक समीर साहू की नृशंस हत्या उसके नाबालिग साथियों ने ही की थी। दो दिन पूर्व दोनों साथियों ने समीर के हत्या की प्लानिंग की और 19 तारीख को हत्या कर छिपाने के लिये बोरी, रस्सी और सूजा का इंतजाम किया था। बताया जा रहा है कि कबड्डी खेल में समीर अच्छा था जिससे दोनों साथी समीर से चिढ़ते थे। दोनों का समीर के साथ अक्सर गाली-गलौच एवं वाद-विवाद होता था। घटना को अंजाम देने वाले मृतक बालक के साथी दोनों साथियों को गिरफ्तार किया गया है।
विदित हो कि घटना के बाद से अति. पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक तथा उप पुलिस अधीक्षक टीम के साथ विगत 15 दिनों से गांव में कैम्प कर रखा था। आरोपियों की पतासाजी के दौरान ग्राम रुदा के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों का पुलिस को लगातार सहयोग मिला। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के द्वारा मामला का खुलासा करने वाली टीम को नगद ईनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 21 अक्टूबर को प्रार्थी खिलेश्वर प्रसाद साहू निवासी ग्राम रुदा ने थाना अण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 10 वर्ष का नाबालिग पुत्र समीर उर्फ संतु खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, जो कि शाम को 6 बजे तक घर नहीं आया।
आसपास पता तलाश किया पता नहीं चला कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना अण्डा में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 363 के तहत कार्रवाई की गयी थी। अपहृत बालक की पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान 24 अक्टूबर को ग्राम रुदा में नर्सरी के पास में अपहृत बालक समीर साहू उर्फ संतु का शव हाथ पैर रस्सी से बंधा हुआ, बोरे में भरा मिला।
इस सनसनीखेज घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुये पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग बद्रीनारायण मीणा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव द्वारा घटना स्थल का अवलोकन किया गया। टीम द्वारा घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर ग्राम रूदा में कैम्प कर घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज प्राप्त कर उनका सूक्ष्मता से अवलोकन प्रारंभ किया गया। लगभग 50 से अधिक मोबाईल नंबरों का सुक्ष्मता से विश्लेषण किया गया।
मृतक अपहृत बालक के परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई, मृतक बालक के सहपाठी व साथ में खेलने वाले बच्चों से विस्तृत पूछताछ की गई साथ ही साथ मृतक बालक से संबंधित गांव के व आस-पास के गांव के तकरीबन 250 लोगों से पृथक-पृथक पूछताछ की गई। जिसके परिणाम स्वरूप टीम द्वारा संदेह के कुछ बिन्दु तय कर सिलसिलेवार उन बिन्दुओं के आधार पर पतासाजी की जा रही थी। घटना के बाद से लगातार अलग-अलग समय पर बार-बार पूछताछ कर कथन लिया जा रहा था।
मृतक समीर को अंतिम बार गांव के ही उसके 2 नाबालिग साथियों के साथ देखा गया था, उक्त दोनों साथियों से लगातार अलग-अलग समय पर पूछताछ करने पर बता रहे थे कि खेलने के बाद मृतक समीर को रोड में छोडक़र हम अपने-अपने घर चले गये किन्तु ग्रामीणों के कथन में उक्त तीनों दोस्तों को आते हुये देखने की बात कही जा रही थी, जिससे टीम को कुछ विरोधाभाष प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर मृतक के दोनों साथियों से पुन: पूछताछ की गयी।
दोनों ने बताया कि सीताफल तोडऩे की बात को लेकर गांव के ही एक बुजुर्ग दम्पत्ति के द्वारा समीर साहू की हत्या की गयी है, जिसे स्वयं के द्वारा देखने की झूठी कहानी गढक़र गुमराह करते रहे किंतु तथ्यात्मक आधार पर उक्त दोनो विधि के विरुद्ध संघर्षरत् बालकों से सघन पूछताछ करने पर उनके द्वारा घटना का खुलासा करते हुये बताया गया कि दोनों मृतक समीर साहू के साथ नियमित रूप से खेलते कूदते थे। मृतक समीर कबड्डी खेलने के दौरान अच्छा प्रदर्शन करता था और इन दोनों को अक्सर गाली देता था, जिससे दोनों मृतक बालक से चिढ़ते थे। इन्हीं कारणों से 19 अक्टूबर को दोनों ने साथ मिलकर समीर की हत्या करने की प्लानिंग की और गांव के किराना स्टोर से प्लास्टिक की बोरा सिलने की रस्सी, सूजा और बोरे का इंतजाम किया।
21 अक्टूबर को शाम को कबड्डी खेलने के बाद बाकी साथियों के घर चले जाने के बाद दोनों समीर साहू को गांव के ही नर्सरी के तरफ ले गये और मुँह एवं नांक दबाकर सिर के पीछे पत्थर से चोट पहुंचाकर हत्या कर दी। दोनों ने पहले से उसे नर्सरी में छिपाकर रखा। रस्सी से मृतक बालक के हाथ और पांव को बांध कर प्लास्टिक के बोरे में भरकर वहीं नर्सरी के पास छोडक़र सूजा व पत्थर आस-पास फेंककर अपने-अपने घर आ गये थे। बालकों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोरा सिलने का सूजा व पत्थर बरामद किया गया। घटना के संबंध में दोनों एक राय होकर पुलिस के द्वारा पूछताछ करने पर सीताफल तोडऩे की बात को लेकर गांव के ही बुजुर्ग दंम्पत्ति के ऊपर संदेह जाहिर करने की योजना बना लिये थे। अग्रिम कार्रवाई थाना अण्डा से की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना अण्डा से सउनि सुंदर लाल नेताम, दिनेश वर्मा, झग्गर सिंह टण्डन, चंद्रशेखर सोनी, महिला प्र. आर. जेमिका, प्र. आर. कमलेश साहू, धन्नू राम, आरक्षक अजय द्विमर, रामेश्वर कोमा, हिम्मत सिंह, भवानी जगत महिला आरक्षक तृप्ति ध्रुवे तथा एन्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट के सउनि पूर्णबहादूर, शमित मिश्रा, प्र. आर. चंद्रशेखर अंजीर, रोमन सोनवानी, तू ही तो बोल रहा हूं पंचतुर्वेदी, राजकुमार चंद्रा, अश्विनी जुगनु सिंह, शहबाज खान, विकान्त कुमार, अनुप शर्मा की उल्लेखनीय भूमिका रही।