दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 नवंबर। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर अंतत: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू की नियुक्ति कर दी गई है। बैंक के अध्यक्ष जवाहर वर्मा के इस्तीफा देने के बाद यह नियुक्ति की गई है। जवाहर वर्मा 1 साल का कार्यकाल भी पूरा नहीं कर पाए पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ नवा रायपुर हीम शिखर गुप्ता द्वारा आदेश जारी किया गया है।
राजेंद्र साहू को अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा सप्ताह भर से चल रही थी, किंतु अधिकृत घोषणा सोमवार को गई। आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अविभाजित दुर्ग जिले में कांग्रेस किसान तक पहुंचने के लिए यह नियुक्ति की है। ऐसा राजनीति के जानकारों का मानना है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखाएं अविभाजित दुर्ग जिला याने बालोद से लेकर बेमेतरा के ग्रामीण अंचल तक फैली हुई है। जिले भर के किसान बैंक की सदस्य माने जाते हैं और खाद बीज वितरण से लेकर किसानों को ऋण और धान खरीदी तक में बैंक बैंक का महत्वपूर्ण रोल है। 2023 के विधानसभा चुनाव में अविभाजित दुर्ग जिले में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने और आगामी लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को लाभ दिलाने के उद्देश्य यह नियुक्ति की गई है, ऐसा माना जाता है।
राजेंद्र साहू वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में गए हुए हैं। आठ नवंबर को उनकी वापसी के बाद 9 नवंबर को पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। राजेंद्र साहू को पहले ही लाल बत्ती देने की पेशकश की गई थी।