दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 नवंबर। नायब तहसीलदार के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 15 लाख की धोखाधड़ी मामले में तीन माह से फरार आरोपी को स्मृति नगर पुलिस ने संदेही चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी युवराज देशमुख ने बताया कि निमाई देवनाथ ने लिखित शिकायत की थी कि फरवरी 2021 में उनकी पुत्री को नायब तहसीलदार एवं पुत्र को एम्स अस्पताल में शासकीय नौकरी में लगवाने के नाम से आरोपी श्रेयांश यादव एवं अभिजीत सिंह द्वारा 15 लाख रुपये लिया गया, किन्तु आरोपियों द्वारा नौकरी नहीं लगवाया गया और न ही पैसा वापिस किया। 30 अगस्त 2022 को जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया था। रिपोर्ट बाद से ही आरोपी फरार था।
इस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देते हुये लगातार अपना स्थान बदल बदलकर छिपता रहा। आरोपी श्रेयांश यादव (38 वर्ष) निवासी स्मृति नगर को भ्रमण एवं संदेही चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर आज न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।