दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। शादी का झांसा देकर बहला फुसलाकर भागकर ले जाने के बाद उसके साथ लगातार दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है ।
अपर सत्र न्यायाधीश एफ टीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी सूरज साहू को धारा 366 के तहत 3 वर्ष का सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत 10 वर्ष सश्रम करवास, 10,000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजा साथ साथ चलेगी।
कोहका निवासी आरोपी सूरज साहू की जान पहचान कक्षा दसवीं तक पढ़ी पीडि़ता के साथ पहले से थी। दोनों के बीच आपस में बातचीत होते रहती थी। 26 जून 2017 को आरोपी सूरज साहू ने पीडि़ता को बहला फुसलाकर अपने साथ भाग कर ले गया। 26 जून 2017 की शाम तक जब पीडि़ता घर नहीं लौटी, तब परिवार वालों ने उसकी खोज खबर ली। पीडि़ता के पिता को जानकारी मिली कि मोहल्ले में ही रहने वाला आरोपी सूरज साहू भी घर पर नहीं है। अधिवक्ता संतोष कसार ने बताया कि इसके बाद पीडि़ता के पिता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोपी पीडि़ता को गोंदिया लेकर चला गया था और वहां पर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाया था। लगभग डेढ़ माह बाद गोंदिया महाराष्ट्र से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीडि़तों को बरामद किया था।