दुर्ग

राज्योत्सव में दिखेगा जिले का विकास
29-Oct-2022 3:33 PM
राज्योत्सव में दिखेगा जिले का विकास

लाईव मॉडल के माध्यम से होगा डिस्प्ले

25 विभागों की प्रदर्शनी आयोजित 9 फूड स्टाल भी होंगे,छत्तीसगढ़ी व्यंजन होंगे आकर्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 अक्टूबर।
एक दिवसीय राज्योत्सव के मौके पर जिलावासियों को शहर के गंजमंड़ी मैदान में लाइव मॉड़ल के माध्यम से विकास की झलकियां मिलेंगी। कलेक्टर ने इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने बैठक में अधिकारियों से विभागीय प्रदर्शनी की तैयारियों के बारे में पूछा। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय स्टाल में ऐसे मॉड़ल प्रदर्शित किए जाएं जिनसे शासन की योजनाओं के जमीनी असर की जानकारी दिख सके।
उदाहरण के लिए नरवा योजना में नालों के जीर्णोद्धार के लिए बनाए गऐ स्ट्रक्चर किस तरह से भूमिगत जल स्तर में बढ़ोत्तरी करते हैं। इस तरह के मॉडल बनाए जाने पर उन्होंने जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी जैसी योजनाओं के माध्यम से तेजी से आर्थिक विकास की राह पर प्रदेश चल रहा है। हमारी स्व- सहायता समूह की महिलाएं गौठानों में अनेक तरह की आजीविकामूलक गतिविधियों में जुटी हुई हैं। इनका डि़स्प्ले मॉड़ल के माध्यम से करें।

हेल्थ सेक्टर के बारे में अपने सुझाव देते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासन की नीतियों से हेल्थ और स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा मजबूत हुआ है उसे दिखाना है। अपर कलेक्टर ने विस्तार से राज्योत्सव के लिए की गई तैयारियों की जानकारी देते हूए बताया कि सभी विभाग 31 तारीख की शाम तक तैयारियां पूरी कर लेंगे।

कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सांस्कृतिक दल का चुनाव कर लें और लोक अभिरूचि के अनुरूप विषयों को प्रदर्शित करें। राज्योत्सव की गरिमा के अनुरूप बढिय़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम होना चाहिए। राज्योत्सव का मौका जिले के नवोदित प्रतिभाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने का भी होता है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बीएसपी स्कूल सेक्टर 7, सैजेस कुम्हारी और बालाजीनगर, खालसा पब्लिक स्कूल, केपीएस नेहरू नगर, आदर्श कन्या दुर्ग, ड़ीपीएस रिसाली के बच्चे कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कन्या परिसर की छात्राएं भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

उल्लेखनीय है कि इस बार 25 विभाग अपने स्टाल लगाएंगे। इसके अलावा 9 फूड़ स्टाल स्टाल होंगे। जिसमें छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी होंगे। कार्यक्रम के संबंध में सभी अधिकारियों को सौंपे गये कार्यों के संबंध में विस्तार से समीक्षा कलेक्टर ने की।
 


अन्य पोस्ट