दुर्ग

सूने मकान का ताला तोड़ चोर जेवर-नगदी ले उड़े
26-Oct-2022 3:27 PM
सूने मकान का ताला तोड़ चोर जेवर-नगदी ले उड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 अक्टूबर।
जामुल थाना क्षेत्र के हाऊसिंग बोर्ड में सूने मकान का ताला तोड़ अज्ञात आरोपी डेढ़ लाख के जेवरात ले उड़े हैं। सूचना पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड लाल पानी टंकी के पास एक सूने मकन में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवर व नगदी चोरी की है। घरवालों को जब चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

प्रार्थी सौरभ सरोदे ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवरी का काम करता है। 17 अक्टूबर की रात वह अपनी मां निर्मला सरोदे के साथ नागपुर के लिए रात 11:30 बजे घर में ताला बंद कर गया था। दिवाली के दिन 24 अक्टूबर की सुबह 8 बजे वह घर लौटा तो देखा कि घर के सामने का ताला टूटा हुआ है। अंदर घुसा तो मेन दरवाजे का ताला ही नहीं था। अंदर जाकर देखा तो घर में रखे आलमारी को तोडक़र उसका सारा सामान फैला पड़ा था। आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। उसके अंदर रखे नगदी व सोने चांदी के जेवर कोई चोरी कर ले गया था। चोरी डेढ़ लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है।

सौरभ ने बताया कि उसके घर से 2 सोने के मंगलसूत्र, 2 गले का हार, सोने की कान की बाली, सोने का लॉकेट, सोने की छोटी चेन , चांदी की पायल 2 जोड़ी चोरी हुई है।जेवर के साथ आलमारी में नगदी रकम 100, 50 और 10 के नोट रखे थे। पीडि़त के मुताबिक उसके घर में डेढ़ लाख से अधिक का सोना चांदी और नगदी था।


अन्य पोस्ट