दुर्ग

सब इंजीनियर पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर
21-Oct-2022 3:45 PM
सब इंजीनियर पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अक्टूबर।
जल संसाधन विभाग दुर्ग के सब इंजीनियर अशोक कुमार पर बुधवार की शाम दो अज्ञात युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोंट आने से रायपुर के एक नीजि हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।
चाकूबाजी की यह घटना कलेक्टर बंगला सिविल लाईन के पास की है। घर जाते वक्त सब इंजीनियर कलेक्टर बंगला के पास लघुशंका के लिए रुके हुए थे, तब बगैर कारण के मोटर सायकल सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन पर हमला कर दिया था। हमले के बाद से दोनों अज्ञात युवक फरार है। जिनका कुछ पता नही चल पाया है। घटना की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 294,506 बी और 307 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को जांच पर लिया है।

पद्मनाभपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजीव तिवारी ने बताया कि जलसंसाधन विभाग के सब इंजीनियर राधिका नगर कोहका भिलाई के निवासी है। बुधवार को भरण-पोषण के एक मामले को लेकर उनकी कुटुम्ब न्यायालय में पेशी थी। वे राजेन्द्र पार्क चौक स्थित जल संसाधन विभाग के अपने कार्यालय से दोपहर में पेशी के लिए कुटुम्ब न्यायालय गए हुए थे। शाम को पेशी से निवृत्त होने के बाद अशोक कुमार अपनी मोटर सायकल से सिविल लाईन के मार्ग से होते हुए राधिका नगर कोहका भिलाई अपने घर वापस जा रहे थे। इस दौरान वे लघुशंका के लिए कलेक्टर बंगला सिविल लाईन में थोड़ी देर रुके। फिर घर वापसी के लिए मोटर सायकल पर सवार हो रहे थे, उसी वक्त मोटर सायकल से दो युवक उनके पास आए और उनके साथ गाली गलौच करते हुए उन पर चाकू से हमला कर दिया। सब इंजीनियर हमले का कुछ कारण समझ पाते इसके पहले मोटर सायकल सवार दोनों अज्ञात युवक फरार हो गए। हमले में शामिल दोनों युवक चेहरे पर नकाब बांधे हुए थे। जिसके चलते सब इंजीनियर उन्हे पहचान नहीं सकें।

घायल सब इंजीनियर अशोक कुमार को चोंटे आने स ेरायपुर के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। चौकी प्रभारी तिवारी ने बताया कि हमलावर कौन थे और हमले के पीछे उनका क्या उद्देश्य था। इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले को जांच पर लिया है।


अन्य पोस्ट