दुर्ग
बारह ट्रांजेक्शन हुए, पर पता ही नहीं चला
शिकायत बाद रुपये लौटाने के नाम पर फिर ठगी की कोशिश
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अक्टूबर। लगातार 12 बैंक ट्रांजेक्शन के बाद भी क्रेडिट कार्ड धारक के खाते से 7 लाख 5 हजार रुपए पार हो गए, मगर एक भी ट्रांजेक्शन का मैसेज या ओटीपी उसके मोबाइल पर नहीं आया। खरीदी के दौरान पेमेंट करते समय जब बैलेंस न होने का मैसेज आया तो पीडि़त ने तत्काल अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक किया और पुलिस थाना पहुंच शिकायत दर्ज करवायी है। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कार्ड ब्लॉक कराने के बाद भी अज्ञात आरोपी के द्वारा फोन एवं व्हाट्सएप पर मैसेज करते हुए पीडि़त से पुन: ठगी का प्रयास किया गया। फिलहाल नेवई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
नेवई थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि महेंद्र साहू प्रगति नगर रिसाली में निवासरत है तथा म्यूच्युअल फंड एवं इंश्योरेंस एजेंट है। वह लेनदेन में क्रेडिट कार्ड उपयोग करता रहा है। कार्ड के माध्यम से ही महेंद्र साहू द्वारा अक्सर खरीदी व बिल पेमेंट का काम किया जाता है। 10 अक्टूबर को महेंद्र साहू ने सूर्या माल भिलाई रिलांयस स्टोर्स से कुछ खरीदी की
और बिल पेमेंट करने के लिए क्रेडिट कार्ड दिया तो प्रोसेस नहीं हो रहा था तब महेंद्र ने ऑनलाईन अपने उक्त खाते का स्टेटमेंट चेक किया तो ज्ञात हुआ कि क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अलग अलग 12 ट्रांजेक्शन हुए हैं और कुल 7 लाख 5 हजार 244 रूपये का ट्रांजेक्शन किया गया है। क्रेडिट कार्ड धारक महेंद्र का कहना है कि उसके द्वारा कोई भी ट्रांजेक्शन नहीं किया गया है और न ही बैंक की ओर से कोई काल,ओटीपी या रकम निकासी की सूचना आई है। महेंद्र ने बैंक के टोल फ्री नंबर में बात करके अपना कार्ड ब्लाक कराया और शिकायत भी दर्ज कराई। 18 अक्टूबर को दोपहर में करीब डेढ़ बजे उसके मोबाईल नंबर पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन किया गया तथा इंडियन क्राईम कंप्लेन दिल्ली का हवाला देकर पैसा क्रेडिट कार्ड के जरिये कटा है उसे वापस करवा दिए जाने की बात कही गई। 19 अक्टूबर को भी उसी नंबर से फोन आया जो कि जीएसटी की कुछ रकम काटकर पैसा वापस दिलाने की बात कहते हुए जीएसटी की रकम 1 लाख 40 हजार रूपये अपने द्वारा बताये गये बैंक ऑफ इंडिया के खाता एवं स्टेट बैंक खाता में जमा करने को कहते हुए व्हाट्सअप के माध्यम से उक्त खाता नंबर को भेजा गया। किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा क्रेडिट कार्ड के जरिये महेंद्र के उक्त खाते से ऑनलाईन ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की गयी है और फोन के माध्यम से जीएसटी काटकर रकम वापस कर देने का झांसा देते हुए दोबारा ठगी करने का प्रयास किया गया है। महेंद्र साहू की रिपोर्ट पर से नेवई पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है।