दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 अक्टूबर। पार्टी में कैटरिंग का कार्य करने के बहाने पीडि़ता को सूनसान क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ रेप करने एवं इसके बाद आग लगाकर मार डालने वाले आरोपियों को कोर्ट ने उम्रकैद सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश एफ टीसी गणेश राम पटेल की कोर्ट ने आरोपी इकबाल खान एवं हंसराज साहू को धारा 376 .घ के तहत आजीवन कारावास तथा 5000 रुपए अर्थदंड एवं धारा 302, 34 के तहत आजीवन कारावास व 5000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक पूजा मोंगरी ने पैरवी की थी।
अपर लोक अभियोजक पूजा मोंगरी ने बताया कि 2 दिसंबर 2015 की शाम 7 बजे पीडि़ता को आरोपी इकबाल खान निवासी दुर्ग ने रायपुर नाका में एक शादी पार्टी में काम करने की बात कह कर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया। इस दौरान आरोपी का ही साथी हंसराज साहू निवासी उरला भी वहां पहुंचा । इसके बाद दोनों आरोपी उसे काम के लिए पार्टी में न ले जाकर उरला भाठा ले गए। वहां पर दोनों आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती रेप करने लगे। जब पीडि़ता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने हाथ मुक्के से उसकी पिटाई की और उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसे आग लगाकर जला दिया। उसे उसी हालत में छोडक़र आरोपी वहां से भाग निकले।
पुलिस को कंट्रोल रूम से 3 दिसंबर 2015 की सुबह पुरानी भिलाई पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष चौक के पास उरला में एक महिला के साथ जमकर मारपीट की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पीडि़ता को जली हुई हालत में पड़ी हुई पाया। उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती पीडि़ता ने 31 दिसंबर 2015 को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कोर्ट ने इस मामले में आरोपियों के इस कृत्य को गंभीर कृत्य माना और दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी है।