दुर्ग

मशीनरी पार्ट्स की दुकान में आग, बगल की दुकान को भी नुकसान, करोड़ों के नुकसान का अनुमान
17-Oct-2022 3:30 PM
मशीनरी पार्ट्स की दुकान में आग, बगल की दुकान को भी नुकसान, करोड़ों के नुकसान का अनुमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अक्टूबर।
गंजपारा गंज कांप्लेक्स व्यवसायिक परिसर स्थित इण्डस ट्रेड में रविवार की तडक़े लगे भीषण आग में दुकान में रखे सभी मशीनरी पार्ट्स जलकर खाक हो गए। हादसे में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग की वजह विद्युत शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है, वहीं क्षेत्र के कुछ व्यापारियों द्वारा घटना के पीछे नशेड़ी तत्वों के हाथ होने की आशंका जताई गई है।

आगजनी की यह घटना तडक़े 4 बजे के आसपास की है। आग की लपटों ने इण्डस ट्रेड की दुकान को पूरी तरह अपने जद में ले लिया था। जिससे मौके पर आग की लपटों और धुएं का गुब्बार का उठता रहा। फलस्वरूप गंज कांप्लेक्स के अन्य दुकानों में भी आग फैलने के खतरे से क्षेत्र के व्यवसायी सकते में रहे। आग पर करीब दोपहर 2 बजे  काबू पाया जा सका। जिसके लिए दुर्ग-भिलाई फायर ब्रिगेड अमले और एसडीआरएफ की टीम को करीब 10 घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस बल भी मदद में जुटी रही। इस जद्दोजहद में दुर्ग फायर ब्रिगेड की चार वाहने, भिलाई फायर ब्रिगेड की एक वाहन और क्रेन व जेबीसी मशीन की मदद ली गई। आगजनी में इण्डस ट्रेड के बगल में संचालित जेके इलेक्ट्रिकल को भी नुकसान पहुंचा है। आगजनी की वजह से करीब 10 लाख का इलेक्ट्रिक सामान क्षतिग्रस्त होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना की खबर पर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश सांखला, चेंबर जिला इकाई अध्यक्ष प्रहलाद रूंगटा , महेश राठी, कांग्रेस नेता संजय गर्ग के अलावा अन्य व्यापारी सुबह मौके पर पहुंचे थे। विधायक श्री वोरा और महापौर श्री बाकलीवाल ने घटना से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया और  तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने कहा। इसके अलावा चेंबर के दुर्ग जिला इकाई अध्यक्ष प्रहलाद रूंगटा अन्य व्यापारियों के साथ आग पर काबू पाने में जटे रहे। उन्होंने बचाव कार्य में लगे फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ व पुलिस अमले के लिए जलपान की व्यवस्था करवाकर सेवा की मिसाल पेश की।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम के व्यवसायिक परिसर गंज कांप्लेक्स गंजपारा के शांप नंबर 9 व 10 में मशीनरी पार्ट्स की दुकान इण्डस ट्रेड संचालित होती है। जिसके संचालक प्रियदर्शनी कॉलोनी नेहरू नगर भिलाई निवासी भागचंद जैन है।
 रविवार की तडक़े करीब 4 बजे गंज कांप्लेक्स के पास स्थित मंदिर में पूजा करने पहुंचे क्षेत्र के एक व्यक्ति ने इण्डस ट्रेड की दुकान से धुआं का गुब्बारा निकलते देखा। जिसने घटना की तत्काल सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर हरकत में आई पुलिस द्वारा घटना से फायर ब्रिगेड अमले और दुकान संचालक को अवगत कराया गया। दुकान संचालक भागचंद जैन व उनका पुत्र अविनाश जैन बिना देर किए दुकान पहुंच गए। फायर ब्रिगेड अमले के मौके पर पहुंचने से भीषण आग पर काबू पाने के प्रयास तेज हुए। आग नियंत्रण के लिए भिलाई फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ की भी मदद ली गई। आग पर काबू पाने में करीब 10 घंटे का समय लगा, लेकिन तब तक दुकान में रखे मशीनरी पार्ट्स जलकर खाक हो चुके थे।

इन सामानों में औद्योगिक इकाइयों में कार्य आने वाले मशीनरी पार्ट्स रबर बेल्ट , वी बेल्ट, हाउस पाइप, नट बोल्ट, वेल्डिंग रॉड के अलावा अन्य मशीनरी सामान शामिल थे। हादसे में दुकान में रखा एक स्कूटी भी जल गया, वहीं बगल के इलेक्ट्रिकल दुकान के सामानों को भी नुकसान हुआ है।

बहरहाल इण्डस ट्रेड के संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस द्वारा आगजनी की घटनाओं को जांच पर लिया गया है।

व्यापारियों ने की महापौर और पुलिस से शिकायत
इण्डस ट्रेड की दुकान में लगी आग का फिलहाल वास्तविक कारण पता नहीं चल पाया है। यह पुलिस जांच का विषय है, लेकिन घटना के पीछे क्षेत्र के व्यापारियों ने  नशेड़ी तत्वों का हाथ होने की आशंका जता कर  पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। आगजनी की घटना से मौके पर जुटे क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस से शिकायत की है कि गंज कांप्लेक्स गंजपारा में शाम ढलते ही नशेड़ी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। यह तत्व दुकान के नीचे नशे का सेवन करते देखे जा सकते हैं, वहीं व्यापारियों ने मौके पर पहुंचे महापौर धीरज बाकलीवाल से गंज कांप्लेक्स के सामने पान ठेला व टपरी के रूप में अवैध कब्जा की शिकायत की। व्यापारियों ने महापौर से अवैध कब्जों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट