दुर्ग

गौठान में गाय की मौत, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई-हर्षा
12-Oct-2022 7:21 PM
गौठान में गाय की मौत, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई-हर्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई दुर्ग, 12 अक्टूबर। भाजपा नेत्री एवं सदस्य जिला पंचायत दुर्ग  हर्षा चन्द्राकर एवं भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष लोकमनी चन्द्राकर ने ग्राम अचानकपुर के गौठान में पिछले चार दिनों से गौमाता की हो रही मौत की घटना के बाद निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की महत्वांकाक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के तहत् प्रत्येक गांव में गौठान का संचालन किया जा रहा है, लेकिन ये कैसी विडंबना की बात है,कि माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के ही विधानसभा क्षेत्र के अतंर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के गौठान में लगातार चार दिनों से गौमाता की मौत हो रही है।

 चन्द्राकर ने कहा कि सरकार की महत्वाकांछी योजना केवल कागजों तक सीमित है। केंद्र सरकार की राशि का उपयोग कर गौठान तो बनवा दिया गया है। लेकिन उसके संचालन के लिये समितियों को राशि नही दिया जा रहा है। भूपेश सरकार झूठी वाहवाही लूटने के लिये कुछ चिन्हांकित गौठानो में अधिकारियों को भेजकर गौठान के नाम पर वाहवाही ले रही है। गौठान समितियों के संचालन के लिये पर्यापत राशि नही मिलने के कारण समिति संचालन करने वाले मानसिक रूप से परेशान हो रहे है।

 चन्द्राकर ने कहा गौठानो में चारे की कमी, देखरेख के अभाव के कारण असमय ही गौधन काल के गोद में समा रहे हैं।

अचानकपुर में गौठान के निरीक्षण करने पर पता चला कि यहां लगभग 50-55 गाये थी जिसमें से लगभग 20-25 गायों की मौत पिछले चार से पांच दिनों में चारे के अभाव में हो गई। पूछने पर बताया कि  55 ट्रेक्टर पैरा पूर्व से रखा गया था जो कुछ को खिलाया गया एव अधिकतर सड़ कर खराब हो गया।  जिम्मेदार बड़े अधिकारी गांव वालों की शिकायत करने के बाद आए। पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर भी इलाज के लिए आये। लेकिन समय पूर्व ईलाज नही होने एवं सही देखरेख नही होने से मवेशी असमय खत्म हो गए। इस विषय मे जिम्मेदार अधिकारियों से बातचीत की गई तो वे केवल तीन से चार गायों की ही मौत होना स्वीकार कर रहे है इससे साफ जाहिर हो रहा है कि अधिकारी भी सच्चाई छुपाने में लगे हुए है। श्रीमती चन्द्राकर ने कहा कि मैं इन जिम्मेदार अधिकारियों से मांग करती हूं पूरी घटना की बारीकी से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही होना चाहिए।अन्यथा हम इस मामले को लेकर धरना प्रदर्शन करने से पीछे नही हटेंगे।

निरीक्षण के उपसरपंच श्रीमती नेहा शर्मा, श्रीमती मोना साहू पंच, युवराज साहू, मोरध्वज साहू, भानु साहू, नारायण साहू, द्वारिका साहू, अनिल शर्मा, पुनीत साहू, राजाराम, कौशल निर्मल,रोजगार सहायक भरत निर्मल  उपस्थित रहे


अन्य पोस्ट