दुर्ग

युवा मोर्चा अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में दिखी गुटबाजी, मारपीट बाद
12-Oct-2022 2:40 PM
 युवा मोर्चा अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में दिखी गुटबाजी, मारपीट बाद

  थाना में काउंटर रिपोर्ट दर्ज  सुपेला में भी होने लगी थी झड़प, अध्यक्ष भगत ने कराया शांत  
  बैलगाड़ी और राउत नाचा के साथ हुआ भव्य स्वागत  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 अक्टूबर।
कल भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के दुर्ग जिला प्रवास कार्यक्रम में दो नेता उन्हें अपनी गाडी़ में बैठाने की जिद में भिड़ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। दोनों ने मारपीट बाद कुम्हारी थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है। स्वागत कार्यक्रम कुम्हारी के बाद सुपेला में भी झड़प और धक्का मुक्की हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार कुम्हारी में भाजयुमो अध्यक्ष को गाड़ी में बैठाने को लेकर सुमीत द्विवेदी (24 वर्ष) और आशीष शुक्ला (29 वर्ष) अड़ गए। रवि भगत को अपनी गाड़ी में बिठाने के नाम पर दोनों में धक्कामुक्की शुरू हुए और देखते ही देखते दोनों गुट एक-दूसरे पर पिल पड़े। 

यह सब देख भगत तो उनकी गाड़ी में नहीं बैठे लेकिन दोनों के बीच इतना लात-घूंसा चला कि पुलिस को काउंटर एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। सुमीत की रिपोर्ट पर आशीष शुक्ला, आशीष परगनिहा, कौशल सिंह तथा आशीष की रिपोर्ट पर सुमीत द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, गौरव पाण्डेय और उनके साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत कार्रवाई की गई है। 

कुम्हारी से आगे भाजयुमो अध्यक्ष रवि भगत का बैलगाड़ी में बैठाकर स्वागत किया गया। सुपेला चौक पर राउत नाचा के साथ स्वागत किया गया। यहां युवा मोर्चा के राहुल परिहार, रोहन सिंह, मयंक गुप्ता और सन्नी यादव समर्थकों के साथ मौजूद रहे। रवि भगत का सुपेला में स्वागत के दौरान सुपेला मंडल के भाजपा नेताओं ने आपस में झगड़ा शुरू कर दिया। इस झगड़े को किसी तरह शांत कराया गया। दोनों नेताओं को अध्यक्ष ने समझाया कि ऐसे मौके पर विवाद बढ़ेगा तो पार्टी की किरकिरी होगी। समझाइश बाद मामला यहीं खत्म हुआ।


अन्य पोस्ट