दुर्ग

प्रेमिका सहित चार ने पाईप से पीटा
12-Oct-2022 2:24 PM
प्रेमिका सहित चार ने पाईप से पीटा

बेहोश हुआ प्रेमी 4 दिन अस्पताल में रहा भर्ती, जांच जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 अक्टूबर।
प्रेमिका ने प्रेमी की पत्नी को धमकी दी। उसने धमकी क्यों दी, यह बात पूछने जब प्रेमी अपनी पत्नी और बेटी के साथ प्रेमिका के घर पहुंचा तो प्रेमिका, उसकी सहेली और पति ने मिलकर उनसे खूब मारपीट की। प्रेमी को इतना मारा कि वह बेहोश हो गया और 4 दिन जिला अस्पताल में इलाज के बाद सुपेला थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाया है।  

सुपेला थाना एसआई ललन सिंह ने बताया कि मतस ब्यारा खमरिया निवासी जगदीश भारती (46) का एक महिला से अफेयर तथा संबंध है। महिला ने 5 अक्टूबर को जगदीश की पत्नी को धमकी दी कि अपने पति को सम्हाल कर रखो नहीं तो तुम सभी से मारपीट करूंगी। ऐसी धमकी क्यों दी, इस बात को पूछने जगदीश, पत्नी एवं पुत्री के साथ 6 अक्टूबर को शाम 6.30 बजे भगवती के घर पहुंचा। इस समय महिला, अपनी सहेली के घर बैठी थी। वहां पहुंच जब महिला से जगदीश ने पूछा कि मेरी पत्नी को क्यों धमकी दी? तो वह नाराज होकर जगदीश, उसकी पत्नी और बेटी को गालियां देते जान से मारने की धमकी देते हुए मुक्का मारने लगी।

उसी समय महिला की सहेली , सोनू और सोनू की पत्नी प्लास्टिक के पाईप जान से आरोपी महिला का साथ देते हुए तीनों को मारने लगे। जिससे तीनों को चोट आई है। मारपीट से जगदीश वहीं बेहोश हो गिर पड़ा। जगदीश की पत्नी ने डायल 112 की मदद से रात में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चार  दिन उपचार बाद जगदीश ने सुपेला थाना में आपबीती सुनाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है।  आरोपी महिला, सहेली, सोनू और उसकी पत्नी के खिलाफ 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।


अन्य पोस्ट