दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 अक्टूबर। शराब के लिए दुकानदार से जबरिया रुपये मांगते हुए तीन ने मिलकर उससे जमकर मारपीट की है। टाउनशिप के जुबली पार्क के सामने हुई इस घटना में भिलाई नगर पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ जुर्म पंजीबद्ध कर लिया है।
कोतवाली थाना एसआई डीएस मंडावी ने बताया कि सेक्टर 5 भिलाई अशोक कुमार बीती दोपहर जुबली पार्क के सामने स्थित अपनी डेली नीड्स की दुकान में बैठा था, तभी सोनू, कृष्णा, अनुज नामक लडक़े दुकान में आए, जो शराब के नशे में थे और आपस में एक-दूसरे का नाम लेकर गाली गलौज कर रहे थे। उनमें से एक लडक़े ने अशोक को भी गाली देकर शराब पीने के लिए रूपये मांगे। जब उसने मना किया तो तीनों लडक़े एक राय होकर उसे जान से मारने की धमकी देते मारपीट करने लगे।
अशोक की आंख, कंधा, गले में चोट आई है। अशोक को लक्ष्मीकांत तिवारी, नारायाण साहू एवं सलीम अली ने बीच बचाव कर छुड़ाया। सभी को पहुंचता देख आरोपी मौके से भाग निकले हैं।भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी सोनू, कृष्णा और अनुज के खिलाफ धारा 294, 323, 327, 34 और 506 के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर लिया है।