दुर्ग

रायपुर के ट्रक मालिक का एक लाख गबन कर भिलाई घूम रहा चालक
10-Oct-2022 7:26 PM
रायपुर के ट्रक मालिक का एक लाख गबन कर भिलाई घूम रहा चालक

भिलाई नगर, 10 अक्टूबर। रायपुर से एक ट्रक ड्राइवर वाहन मालिक का एक लाख रुपए नगद लेकर भाग गया है, ड्रायवर से रूपये दिलाने ट्रक मालिक पांच दिनों से खुर्सीपार थाना का चक्कर काट रहा है, क्योंकि आरोपी इसी थाना क्षेत्र का रहवासी है और उसकी मोबाइल लोकेशन भी भिलाई ही है, इसके बाद भी खुर्सीपार पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ रही है।

रायपुर के भनपुरी निवासी पुष्पेंद्र चंद्रवंशी ने 6 अक्टूबर को खुर्सीपार थाने में लिखित शिकायत की है कि मूलत: गोपाल गंज बिहार और हाल मुकाम खुर्सीपार निवासी छुट्टन महतो उसका 12 चक्का ट्रक सीजी 07 एक्स 8929 को चलाता है। 23 सितंबर को छुट्टन माल लोड करके लासूर औरंगाबाद गया और जाने से पहले उसने अकोला महाराष्ट्र रोडलाइंस से 15 हजार रुपए एडवांस लिया था। औरंगाबाद में माल खाली करने के बाद उसने फिर माल बिलासपुर के लिए लोड किया। बिलासपुर में माल खाली करके 35 हजार रुपए भाड़ा व्यापारी बाबा उस्लापुर से लेकर रायपुर निकला था।

कुछ रुपए उसने मालिक से खर्च के लिए लिया था। 5-6 अक्टूबर की रात ड्राइवर रायपुर ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा और उसने गाड़ी का कुछ सामान निकाला और गाड़ी लावारिस छोडक़र भाग गया। इस तरह उसने करीब एक लाख रुपए की अमानत में खयानत की है।

छुट्टन की पत्नी से ट्रक मालिक ने बात की तो उसने बताया कि छुट्टन भिलाई में पैसा उड़ाकर पार्टी कर रहा है, उसके खिलाफ एफआईआर करवाओ। पुष्पेंद्र चंद्रवंशी ने रायपुर के खमतराई थाने में शिकायत करने के साथ ही खुर्सीपार पुलिस में भी आवेदन दिया।

अगले दिन ड्राइवर ने मोबाइल ऑन किया तो चौहान गल्र्स हॉस्टल आकाशदीप लाइब्रेरी केपीएस के पीछे का लोकेशन ट्रेस हुआ पर वीआईपी और त्यौहार ड्यूटी के कारण पुलिस वहां नहीं पहुंच सकी।

गौरतलब हो कि इस मामले में ड्रायवर को बचाने एक अन्य व्यक्ति भी सक्रिय है जो खुद को कांग्रेस नेता बताता है। ट्रक मालिक ने आरोप लगाया है कि उसके संरक्षण की वजह से ही पुलिस कार्रवाई में हीलाहवाला किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट