दुर्ग

भिलाई में हिन्दू मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल
10-Oct-2022 3:12 PM
भिलाई में हिन्दू मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल

मस्जिद के पास शस्त्र लिए बजरंगियों की यात्रा पर च्च्पुष्प वर्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अक्टूबर।
कल शहर में ईद और शस्त्र पूजन कार्यक्रम के मौके पर हिंदू मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सुपेला गदा चौक के पास सैकड़ों की संख्या में शस्त्र लिए बजरंगियों ने विशाल शोभा यात्रा निकाली और जैसे ही शोभा यात्रा मस्जिद के सामने पहुंची, मुस्लिम समाज के लोगों ने बजरंगियों के ऊपर पुष्प वर्षा कर इस यात्रा का स्वागत किया। बजरंगियों ने भी मुस्लिमों को ईद की मुबारकबाद दी।

कल जब सुपेला मस्जिद के सामने से जैसे ही डीजे की धुन में नाचते हुए हाथों में हथियार लिए बजरंगी निकले तो बड़ी संख्या में मुस्लिम रोड पर आ गए और उनके हाथों में स्वागत के लिए फूल मालाएं थीं। उन्होंने बजरंगियों पर फूलों की वर्षा की।
बजरंग दल ने सबसे पहले सुपेला घड़ी चौक स्थित हनुमान मंदिर में भव्य शस्त्र पूजन किया गया, यहां सैकड़ों की संख्या में बजरंगी इक_ा हुए। यहां से रामजी की झांकियों से सुसज्जित विशाल शोभा यात्रा डीजे की धुन में निकली। शोभा यात्रा घड़ी चौक हनुमान मंदिर से संडे मार्केट होकर गदा चौक फिर इंदिरा मार्केट से रावण भाठा होते हुए घड़ी चौक स्थित हनुमान मंदिर में समाप्त हुई।

गौरतलब हो कि दोनों धर्म के त्यौहार एक ही दिन होने पर जिला और पुलिस प्रशासन के सामने शांति व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती होती है। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से शांति बैठक बुलाई जाती है, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात होती है। इसके बाद भी कई जगह पर विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। इस बार भिलाईयंस ने कुछ ऐसा कर दिखाया जो कि एकता की मिसाल बना।

एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक ने आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति न होने देने के निर्देश दिए थे, इसके लिए पूरे सुपेला एरिया में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात रहा। इसके साथ ही शहर के अन्य जगहों पर जहां से मुस्लिमों का जुलूस निकला वहां भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।


अन्य पोस्ट